रायपुर पश्चिम के 36 सरकारी स्कूलों में लगे आधुनिक वॉटर कूलर, विधायक राजेश मूणत की पहल से हजारों विद्यार्थियों को मिलेगा स्वच्छ पेयजल

० करीब 25 लाख रुपये की लागत से पेयजल सुविधा सुदृढ़, शिक्षा के साथ स्वास्थ्य और आधारभूत सुविधाओं पर भी विशेष फोकस
रायपुर। रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेश मूणत की पहल पर क्षेत्र के 36 शासकीय विद्यालयों में लगभग 25 लाख रुपये की लागत से आधुनिक वॉटर कूलर स्थापित किए गए हैं। इस पहल से हजारों विद्यार्थियों को वर्षभर स्वच्छ और ठंडा पेयजल मिलेगा, वहीं स्कूलों में शिक्षा के साथ स्वास्थ्य और आधारभूत सुविधाओं को भी मजबूती मिलेगी।
रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में सरकारी विद्यालयों के कायाकल्प की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। इसी कड़ी में 36 शासकीय विद्यालयों में आधुनिक वॉटर कूलर स्थापित किए गए हैं, ताकि विद्यार्थियों को स्वच्छ एवं शीतल पेयजल की सुविधा मिल सके। इस परियोजना पर लगभग 25 लाख रुपये खर्च किए गए हैं।
बताया गया कि गर्मी के मौसम में बच्चों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने में कठिनाई होती थी, जिससे पढ़ाई और स्वास्थ्य दोनों प्रभावित होते थे। इसे ध्यान में रखते हुए यह पहल की गई है। अब विद्यार्थियों को पूरे वर्ष परिसर में ही शुद्ध और ठंडा पेयजल उपलब्ध रहेगा।
विधायक राजेश मूणत ने कहा कि विद्यालयों में किया गया हर विकास कार्य भविष्य की पीढ़ी में निवेश है। उनका कहना है कि बेहतर सुविधाएं मिलने से बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ता है और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का माहौल तैयार होता है।
वॉटर कूलर स्थापना के साथ-साथ रायपुर पश्चिम के सरकारी विद्यालयों में प्रार्थना शेड, अतिरिक्त कक्ष, परिसर विकास, वृक्षारोपण, स्वच्छता और अन्य आधारभूत सुविधाओं का भी विस्तार किया जा रहा है। हाल ही में मायाराम सुरजन शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, चौबे कॉलोनी में वॉटर कूलर का लोकार्पण, वृक्षारोपण और सरस्वती साइकिल योजना के तहत छात्राओं को साइकिल वितरण भी किया गया।
इन प्रयासों से सरकारी विद्यालयों में सुविधाएं बढ़ने के साथ अभिभावकों का भरोसा भी मजबूत हो रहा है। बेहतर अधोसंरचना और स्वच्छ वातावरण विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायक बन रहे हैं।





