अमेरिका में फिर गोलियों की गूंज: नॉर्थ कैरोलिना में घर के अंदर ताबड़तोड़ फायरिंग, एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत

वॉशिंगटन/नॉर्थ कैरोलिना। अमेरिका में एक बार फिर सामूहिक गोलीबारी की घटना ने सनसनी फैला दी है। नॉर्थ कैरोलिना के कैसवेल काउंटी में बुधवार सुबह एक घर के अंदर हुई अंधाधुंध फायरिंग में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य रिश्तेदार गंभीर रूप से घायल हो गया। शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद की आशंका जताई जा रही है।
सुबह 8 बजे मिली सूचना, घर में बिखरे मिले शव
नॉर्थ कैरोलिना स्टेट ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन के मुताबिक, स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 8 बजे पुलिस को एक घर में गोलीबारी की सूचना मिली। पुलिस और शेरिफ कार्यालय की टीम मौके पर पहुंची तो घर के अंदर कई लोग गोली लगने से घायल मिले। एक घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि कई लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मृतकों में संदिग्ध हमलावर भी शामिल
स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, मृतकों में कथित हमलावर भी शामिल है। कैसवेल काउंटी के शेरिफ ने बताया कि अब तक की जांच में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। घटना की असली वजह अभी सामने नहीं आई है और जांच एजेंसियां हर पहलू से मामले की पड़ताल कर रही हैं।
फोरेंसिक जांच जारी, पुलिस जुटा रही सबूत
घटनास्थल को सील कर दिया गया है। पुलिस और फोरेंसिक टीम सबूत जुटाने के साथ-साथ आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
अमेरिका में नहीं थम रही गन वायलेंस
अमेरिका में बंदूक हिंसा लगातार चिंता का विषय बनी हुई है। हाल के दिनों में भी कई सामूहिक गोलीबारी की घटनाएं सामने आई हैं। 2 अगस्त को ओरेगन के पोर्टलैंड में हुई फायरिंग में एक व्यक्ति की मौत और पांच लोग घायल हुए थे। वहीं 1 अगस्त को इडाहो के ट्विन फॉल्स में एक रेस्तरां में हुई गोलीबारी में तीन लोगों की जान चली गई थी और सात अन्य घायल हुए थे।
लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने अमेरिका में गन कंट्रोल कानूनों और सार्वजनिक सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बहस को एक बार फिर तेज कर दिया है।




