खिलाड़ियों का इंतजार खत्म: छत्तीसगढ़ के 156 उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सूची जारी, सरकारी नौकरी का रास्ता साफ

रायपुर। छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। वर्षों से जिस सूची का इंतजार किया जा रहा था, वह आखिरकार जारी हो गई है। राज्य सरकार ने उत्कृष्ट खिलाड़ियों की बहुप्रतीक्षित सूची का राजपत्र में प्रकाशन कर दिया है। इसके साथ ही चयनित खिलाड़ियों के लिए शासकीय सेवा में नियुक्ति का रास्ता भी साफ हो गया है।
सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, 20 विभिन्न खेलों के 156 खिलाड़ियों को उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित किया गया है। इन खिलाड़ियों का चयन छत्तीसगढ़ उत्कृष्ट खिलाड़ियों को शासकीय सेवा में नियुक्त करने की नीति-2007 के तहत किया गया है।
इस सूची को अंतिम मंजूरी 30 जून 2026 को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में हुई उच्च स्तरीय समिति की बैठक में दी गई थी। बैठक में उपमुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव समेत समिति के सदस्यों ने वर्ष 2018-19 और 2019-20 के लंबित आवेदनों की विस्तार से समीक्षा की थी।
सभी पात्र आवेदनों और निर्धारित मानकों पर विचार करने के बाद 156 उत्कृष्ट खिलाड़ियों के चयन पर मुहर लगाई गई। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद सामान्य प्रशासन विभाग ने अब इस सूची को राजपत्र में प्रकाशित कर दिया है।
राज्य सरकार के इस फैसले से लंबे समय से नियुक्ति का इंतजार कर रहे खिलाड़ियों में खुशी की लहर है। अब चयनित खिलाड़ियों को शासकीय सेवा में नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।




