#प्रदेश

पं. रविवि से संबद्ध निजी महाविद्यालयों के प्राचार्यों का कल्याण संघ गठित, डॉ. मेघेश तिवारी बने अध्यक्ष

Advertisement Carousel

रायपुर। पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय (पं. रविवि), रायपुर से संबद्ध निजी महाविद्यालयों के प्राचार्यों के हितों, शैक्षणिक गुणवत्ता और संस्थागत विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से निजी महाविद्यालय प्राचार्य कल्याण संघ का गठन किया गया। संघ की पहली बैठक में सर्वसम्मति से डॉ. मेघेश तिवारी को अध्यक्ष, डॉ. प्रतिभा मुखर्जी साहूकार को उपाध्यक्ष और डॉ. देवाशीष मुखर्जी को सचिव चुना गया।

रायपुर में आयोजित संघ की प्रथम बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। बैठक में विप्र महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मेघेश तिवारी को अध्यक्ष, दुर्गा महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. प्रतिभा मुखर्जी साहूकार को उपाध्यक्ष तथा महंत लक्ष्मीनारायण दास महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. देवाशीष मुखर्जी को सचिव निर्वाचित किया गया।

नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को उपस्थित प्राचार्यों ने शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में संघ निजी महाविद्यालयों की शैक्षणिक उन्नति, प्रशासनिक समन्वय और साझा समस्याओं के समाधान में प्रभावी भूमिका निभाएगा।

बैठक में संघ के उद्देश्यों, भावी कार्ययोजना और कार्यप्रणाली पर विस्तार से चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि संघ विश्वविद्यालय से संबद्ध निजी महाविद्यालयों के साझा हितों की रक्षा, शैक्षणिक उत्कृष्टता को बढ़ावा देने, राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) के प्रभावी क्रियान्वयन, शिक्षकों और विद्यार्थियों के हितों के संरक्षण तथा संस्थानों के समग्र विकास के लिए सकारात्मक और रचनात्मक पहल करेगा।

साथ ही विश्वविद्यालय प्रशासन के साथ सतत संवाद और सहयोग बनाए रखते हुए उच्च शिक्षा की गुणवत्ता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए समन्वित प्रयास किए जाएंगे। बैठक में यह भी संकल्प लिया गया कि संघ पारस्परिक सहयोग, अनुभवों के आदान-प्रदान और सामूहिक प्रयासों के माध्यम से उच्च शिक्षा के क्षेत्र में नई संभावनाओं के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएगा।संघ के नवनिर्वाचित सचिव डॉ. देवाशीष मुखर्जी ने बैठक में लिए गए निर्णयों और भावी योजनाओं की जानकारी दी।