#crime #प्रदेश

पति को पड़ोसन के घर छिपा देख भड़की पत्नी, धक्का देते ही चली गई जान; कोरिया में सनसनी

Advertisement Carousel

बैकुंठपुर। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले से रिश्तों को झकझोर देने वाली एक घटना सामने आई है। चरित्र शंका को लेकर पति-पत्नी के बीच हुआ विवाद देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि पत्नी के एक धक्के से पति की जान चली गई। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई, जबकि पुलिस ने आरोपी पत्नी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

यह मामला चरचा थाना क्षेत्र के ग्राम तिलवन डांड के पिपरपारा का है। पुलिस के अनुसार, महिला बबली को लंबे समय से अपने पति जयवीर पर पड़ोस में रहने वाली एक विधवा महिला के साथ संबंध होने का शक था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।

पड़ोसन के घर मिला पति, फिर हुआ हाई वोल्टेज ड्रामा

बताया जा रहा है कि 6 अगस्त को बबली राशन दुकान से लौट रही थी। इसी दौरान उसे संदेह हुआ कि उसका पति पड़ोस की महिला के घर में है। शक की पुष्टि करने के लिए वह सीधे महिला के घर पहुंच गई। तलाशी लेने पर जयवीर घर के अंदर छिपा मिला। पति को वहां देखकर बबली का गुस्सा फूट पड़ा और दोनों के बीच जमकर कहासुनी व धक्का-मुक्की शुरू हो गई।

एक धक्का बना मौत की वजह

विवाद के दौरान बबली ने जयवीर को धक्का दे दिया। वह मुंह के बल पास में पड़े पत्थर पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया। पड़ोसियों की मदद से उसे घर लाया गया, लेकिन कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

घटना की सूचना मिलते ही चरचा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पत्नी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जयवीर की मौत केवल गिरने से लगी चोट के कारण हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।