छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट को मिला नया जज, ओडिशा हाईकोर्ट के जस्टिस कृष्ण राम मोहपात्रा का हुआ तबादला

० सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम का बड़ा फैसला, अगस्त-सितंबर में 3 जजों की सेवानिवृत्ति के बीच नियुक्ति को माना जा रहा अहम
बिलासपुर। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने देश के विभिन्न हाईकोर्ट में प्रशासनिक फेरबदल करते हुए ओडिशा हाईकोर्ट के जस्टिस कृष्ण राम मोहपात्रा का तबादला छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट कर दिया है। उन्हें सिविल, क्रिमिनल, सर्विस और संवैधानिक मामलों में करीब 26 वर्षों का न्यायिक अनुभव है।
छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में आने वाले दिनों में तीन जजों के सेवानिवृत्त होने के मद्देनजर यह तबादला महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अगस्त में जस्टिस संजय एस. अग्रवाल और जस्टिस राधाकिशन अग्रवाल, जबकि सितंबर में चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा सेवानिवृत्त होने वाले हैं।वर्तमान में छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में चीफ जस्टिस समेत कुल 13 जज कार्यरत हैं।
न्यायिक परिवार से ताल्लुक रखते हैं जस्टिस मोहपात्रा
जस्टिस कृष्ण राम मोहपात्रा का जन्म 18 अप्रैल 1965 को हुआ था। उनका परिवार न्यायिक पृष्ठभूमि वाला है। उनके पिता सरत चंद्र मोहपात्रा भी न्यायाधीश रह चुके हैं।
उन्होंने बीए और एलएलबी की पढ़ाई पूरी करने के बाद 7 फरवरी 1988 को ओडिशा स्टेट बार काउंसिल में अधिवक्ता के रूप में पंजीकरण कराया। वकालत के दौरान उन्होंने कानून के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े मामलों की पैरवी की और लंबा पेशेवर अनुभव हासिल किया।
इसके बाद 17 अप्रैल 2015 को उन्हें ओडिशा हाईकोर्ट में जज नियुक्त किया गया। अब सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की सिफारिश के बाद वह छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में अपनी न्यायिक सेवाएं देंगे।




