#प्रदेश

MP Rain: उफनते नाले में समाई ईको वैन, 9 की मौतउफनते नाले में समाई ईको वैन, 9 की मौत; 2 ने तैरकर बचाई जान

Advertisement Carousel

० राजगढ़ में मूसलाधार बारिश का कहर, पुल के ऊपर से बह रहा था पानी; ग्रामीणों ने रोका फिर भी चालक ने उठाया जोखिम

राजगढ़। मध्य प्रदेश में मूसलाधार बारिश के बीच राजगढ़ जिले में बड़ा हादसा हो गया। पड़ाना गांव के पास उफनते झिरी नाले को पार करने की कोशिश कर रही ईको वैन तेज बहाव में बह गई। हादसे के वक्त वाहन में एक ही परिवार के 11 लोग सवार थे। पुलिस के मुताबिक, 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया।

बताया जा रहा है कि परिवार देवास जिले के सतवास से सारंगपुर के कड़लावद जा रहा था। देवास से आ रही ईको वैन नए बने बायपास से होकर गुजर रही थी। पड़ाना के पास झिरी नाले पर करीब 30 फीट लंबे पुल का निर्माण चल रहा है। भारी बारिश के कारण नाले का पानी सड़क और पुल के ऊपर से तेज बहाव के साथ गुजर रहा था।

ग्रामीणों ने रोका, फिर भी आगे बढ़ी वैन

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुल पर पानी का तेज बहाव देखकर स्थानीय लोगों ने चालक को आगे जाने से रोकने की कोशिश की थी। इसके बावजूद चालक ने वाहन आगे बढ़ा दिया। नाले में उतरते ही ईको वैन तेज बहाव की चपेट में आ गई और कुछ ही सेकंड में पानी में बह गई।

वैन में तीन पुरुष, चार महिलाएं और चार बच्चे सवार थे। वाहन बहने के बाद चीख-पुकार मच गई। हादसे में चालक मुकेश सिंह चौहान और उनके चाचा हुकुम सिंह किसी तरह वाहन से बाहर निकलकर तैरते हुए अपनी जान बचाने में सफल रहे। दोनों हादसे के बाद सदमे में बताए जा रहे हैं।

SDRF ने संभाला मोर्चा, सात शव बरामद

घटना की सूचना मिलते ही SDRF की टीम रेस्क्यू बोट और रस्सियों के साथ मौके पर पहुंची। राहत और बचाव अभियान चलाकर वाहन और उसमें सवार लोगों की तलाश की गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक रेस्क्यू टीम ने सात शव बरामद किए थे, जबकि बाद में मृतकों की संख्या नौ बताई गई।

हादसे की खबर गांव पहुंचते ही धांसड़ गांव में मातम पसर गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल की ओर रवाना हुए।

राजगढ़ में कई नदियां उफान पर

लगातार बारिश के कारण राजगढ़ जिले में हालात बिगड़ गए हैं। कई नदियां और नाले खतरे के निशान से ऊपर बह रहे हैं। निचले इलाकों में अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने अगले आदेश तक जिले के सभी स्कूल बंद रखने के निर्देश दिए हैं।

आपदा प्रबंधन, SDRF, पुलिस और होमगार्ड की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। कई इलाकों में बिजली और मोबाइल नेटवर्क भी प्रभावित हुआ है। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और जलभराव वाले रास्तों से दूर रहने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।