#प्रदेश

Palghar Earthquake: एक घंटे में दो बार कांपी धरती, 3.4 रही दोनों झटकों की तीव्रता; जान-माल का नुकसान नहीं

Advertisement Carousel

 

पालघर। महाराष्ट्र के पालघर जिले में सोमवार रात करीब एक घंटे के भीतर भूकंप के दो झटके महसूस किए गए। दोनों भूकंप की तीव्रता 3.4 दर्ज की गई। लगातार दो झटकों से स्थानीय लोगों में कुछ देर के लिए चिंता का माहौल बन गया। हालांकि, प्रशासन के मुताबिक अब तक किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।

एक घंटे के अंतराल में आए दो झटके

जिला सूचना कार्यालय के अनुसार, पहला भूकंप रात 10:04 बजे आया। इसके करीब एक घंटे बाद रात 11 बजे फिर 3.4 तीव्रता का झटका महसूस किया गया।

5 किलोमीटर की गहराई में था केंद्र

जिला आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख विवेकानंद कदम के मुताबिक, दोनों भूकंपों का केंद्र जव्हार तालुका में जमीन से करीब 5 किलोमीटर नीचे था। प्रशासन की टीमें लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

अधिकारियों ने बताया कि जिले में किसी इमारत को नुकसान नहीं पहुंचा है और न ही किसी व्यक्ति के घायल होने की खबर है।

पिछले महीने भी तीन बार हिली थी धरती

पालघर में कम तीव्रता वाले भूकंप के झटके पहले भी महसूस होते रहे हैं। पिछले महीने जिले में तीन बार भूकंप के झटके दर्ज किए गए थे। प्रशासन ने लोगों से घबराने के बजाय शांत रहने और भूकंप के दौरान जरूरी सुरक्षा उपायों का पालन करने की अपील की है।