#राष्ट्रीय

NDA की ‘मंगल मिलन’ बैठक में गूंजा ‘वंदे मातरम’, झारखंड में छात्रों पर कार्रवाई के मुद्दे पर संसद में प्रदर्शन

Advertisement Carousel

० PM मोदी समेत NDA सांसदों ने लहराया तिरंगा, झारखंड छात्र आंदोलन को लेकर सरकार के खिलाफ विपक्ष पर साधा निशाना

नई दिल्ली। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के सांसदों की मंगलवार को हुई ‘मंगल मिलन’ बैठक की शुरुआत ‘वंदे मातरम’ के नारों के साथ हुई। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन समेत NDA के कई नेता शामिल हुए। इस दौरान नेताओं ने तिरंगा भी लहराया।

झारखंड छात्र आंदोलन का मुद्दा संसद में उठा

बैठक के बाद NDA सांसदों ने संसद परिसर में झारखंड में छात्रों के प्रदर्शन और उन पर हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर प्रदर्शन किया। सांसदों के हाथों में पोस्टर नजर आए, जिनके जरिए झारखंड में आंदोलन कर रहे छात्रों पर कथित अत्याचार का मुद्दा उठाया गया।

NDA सांसदों की ओर से विपक्ष पर भी निशाना साधा गया। पोस्टरों के जरिए यह संदेश देने की कोशिश की गई कि सरकार छात्रों के प्रदर्शन पर चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन कांग्रेस इस मुद्दे पर चर्चा से पीछे हट रही है।

संसद में सरकार की उपलब्धियों पर भी चर्चा

इससे पहले हुई ‘मंगल मिलन’ बैठक में भाजपा सांसदों ने सरकार की उपलब्धियों, रोजगार, खेल, आर्थिक विकास और संसद की कार्यवाही समेत कई मुद्दों पर चर्चा की थी। भाजपा सांसदों ने विपक्ष पर संसद की कार्यवाही बाधित करने का आरोप भी लगाया था।

भाजपा सांसदों की ओर से सरकार की आर्थिक नीतियों और रोजगार के क्षेत्र में किए गए कार्यों को भी बैठक में प्रमुखता से रखा गया।

क्या है ‘मंगल मिलन’ बैठक?

‘मंगल मिलन’ NDA संसदीय दल की साप्ताहिक रणनीति बैठक का बदला हुआ नाम है। इसका उद्देश्य गठबंधन के सहयोगी दलों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना और संसद में सरकार की रणनीति को लेकर चर्चा करना है।

संसद सत्र के दौरान इस बैठक में सदन की रणनीति, महत्वपूर्ण विधेयकों और विपक्ष के मुद्दों पर चर्चा के साथ-साथ NDA के घटक दलों के बीच आपसी तालमेल को मजबूत करने पर भी जोर दिया जाता है।