रायगढ़ मेडिकल कॉलेज में हड़कंप: गायनिक वार्ड के बाहर फंदे पर मिला भर्ती मरीज का शव, जांच में जुटी पुलिस

रायगढ़। लखीराम मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मंगलवार सुबह एक भर्ती मरीज का शव फंदे पर लटका मिलने से हड़कंप मच गया। शव गायनिक वार्ड के बाथरूम के बाहर मिला। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रबंधन ने चक्रधर नगर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
दो दिन पहले इलाज के लिए हुआ था भर्ती
मृतक की पहचान 55 वर्षीय नारद लहरे के रूप में हुई है। वह सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के भिखामपुरा के रहने वाले थे। जानकारी के मुताबिक, नारद लहरे पीलिया से पीड़ित थे और करीब दो दिन पहले इलाज के लिए लखीराम मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती हुए थे।

सुबह करीब 5 बजे की घटना
बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह करीब 5 बजे नारद लहरे ने अपनी फूल पैंट से कथित तौर पर फंदा बनाया। कुछ देर बाद अस्पताल परिसर में उनका शव फंदे पर लटका मिला। मरीज का शव मिलने की खबर फैलते ही अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
अस्पताल प्रबंधन की सूचना पर चक्रधर नगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मरीज ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया।
घटना के कारणों का अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस की जांच और अन्य औपचारिकताओं के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।




