#प्रदेश

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में फिर सक्रिय होगा मानसून, अगले 4 दिन बारिश के आसार

Advertisement Carousel

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों तक प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में एक-दो स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। मंगलवार को भी प्रदेश के कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई। बिलासपुर जिले के बोदरी में सबसे ज्यादा 7 सेंटीमीटर बारिश हुई। हालांकि, प्रदेश में अब तक हुई मौसमी बारिश सामान्य से 7 प्रतिशत कम है।

रायपुर में आज बादल छाए रहने के आसार

राजधानी रायपुर और आसपास के इलाकों में बुधवार को आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। गरज-चमक के साथ बारिश भी हो सकती है। मौसम विभाग ने रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया है।

जगदलपुर और दुर्ग सबसे गर्म

मंगलवार को प्रदेश के अनेक हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। इस दौरान जगदलपुर और दुर्ग में 32.6 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। वहीं पेंड्रा में न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

बोदरी में 7 सेमी, बिलासपुर समेत इन इलाकों में भी बारिश

मंगलवार को बोदरी में 7 सेमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा बिलासपुर, सकरी और पथरिया में 5-5 सेमी बारिश हुई।

कुमरदा, दुलदुला, मरई बंगला देवरी, गोबरा नवापारा और तखतपुर में 4-4 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
बैकुंठपुर, डोंडीलोहारा, बिल्हा, लालपुर थाना, कोटा और मुंगेली में 3-3 सेमी बारिश हुई।

वहीं छिंदगढ़, भाटापारा, अर्जुन्दा, मस्तूरी, राजिम, छुरा, भाखरा, छुरिया, दाढ़ी, पचपेड़ी और अंबागढ़ चौकी में 2-2 सेमी बारिश दर्ज की गई। कई अन्य स्थानों पर 1 सेमी तक वर्षा हुई।

बंगाल की खाड़ी में बन रहा नया सिस्टम

मौसम विभाग के मुताबिक मानसून द्रोणिका बीकानेर, उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश और आसपास बने निम्न दबाव क्षेत्र के केंद्र से होते हुए सीधी, रांची और दीघा तक बनी है और वहां से दक्षिण-पूर्व की ओर पूर्वी-मध्य बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है।

वहीं उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके प्रभाव से आज इसी क्षेत्र में एक नया निम्न दबाव क्षेत्र बनने की संभावना है। माना जा रहा है कि इस सिस्टम के बनने के बाद छत्तीसगढ़ में आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं।

4 दिन बारिश के आसार, उत्तरी छत्तीसगढ़ पर ज्यादा असर

नए मौसम सिस्टम के प्रभाव से अगले चार दिनों तक प्रदेश के उत्तरी इलाकों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश भी हो सकती है। ऐसे में लोगों को मौसम को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है।