#प्रदेश

Mumbai Landslide: घाटकोपर में तड़के बड़ा भूस्खलन, चॉल पर गिरा पहाड़ का हिस्सा; 2 की मौत, कई दबे

Advertisement Carousel

 

मुंबई। मुंबई में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच घाटकोपर इलाके में बुधवार तड़के बड़ा भूस्खलन हो गया। चिराग नगर इलाके में पहाड़ का एक हिस्सा टूटकर गौसिया चॉल पर जा गिरा, जिससे कई लोग मलबे में दब गए। हादसे में अब तक दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि करीब 6 से 8 लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।

तड़के करीब 4 बजे हुआ हादसा

बताया जा रहा है कि घटना बुधवार तड़के करीब 4 बजे हुई। भारी बारिश के बीच पहाड़ का हिस्सा अचानक टूटकर चॉल पर गिर गया। मलबे की चपेट में आने से कई लोग दब गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

दो शव बरामद, दो घायल अस्पताल में भर्ती

पुलिस और प्रशासन के अनुसार राहत एवं बचाव अभियान के दौरान अब तक दो शव बरामद किए जा चुके हैं। वहीं दो घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में 18 वर्षीय सोहेल अंसारी और 14 वर्षीय मोहम्मद अंसारी शामिल हैं।

NDRF और पुलिस की टीमें मौके पर

हादसे की सूचना मिलते ही महाराष्ट्र पुलिस और NDRF की टीमें मौके पर पहुंच गईं। मलबा हटाने और उसमें फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। एंबुलेंस को भी मौके पर तैनात किया गया है, ताकि घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया जा सके।

भारी बारिश के चलते भूस्खलन की आशंका

मुंबई में पिछले कुछ समय से भारी बारिश का दौर जारी है। शुरुआती तौर पर माना जा रहा है कि लगातार बारिश के कारण पहाड़ी हिस्सा कमजोर हुआ और भूस्खलन की घटना हुई। हालांकि हादसे की वास्तविक वजह की जांच की जा रही है।

मेयर ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा

मुंबई की मेयर रितु तावड़े भी घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। प्रशासन की प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों को जल्द से जल्द सुरक्षित बाहर निकालना है।