Independence Day 2026: लाल किले पर फुल ड्रेस रिहर्सल, दिल्ली में सुरक्षा चाक-चौबंद; जगह-जगह बैरिकेडिंग

नई दिल्ली। 15 अगस्त को लाल किले पर होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले 13 अगस्त को फुल ड्रेस रिहर्सल आयोजित की गई। रिहर्सल को देखते हुए राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में ट्रैफिक प्रतिबंध लागू किए गए हैं। लाल किले और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है।
दिल्ली में जगह-जगह बैरिकेडिंग, पुलिस तैनात
स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। प्रमुख मार्गों और संवेदनशील इलाकों में बैरिकेडिंग कर पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। आया नगर बॉर्डर पर वाहनों की सघन जांच की जा रही है।
सुरक्षा एजेंसियां किसी भी संभावित खतरे को लेकर पूरी तरह अलर्ट हैं। पुलिस का लक्ष्य स्वतंत्रता दिवस समारोह को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराना है।
लाल किले के आसपास जाने से बचने की सलाह
दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा और आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 12 अगस्त को ही ट्रैफिक एडवाइजरी जारी कर दी थी। इसमें लोगों को लाल किले के आसपास के प्रतिबंधित और प्रभावित मार्गों से बचने की सलाह दी गई है।फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए कई स्थानों पर ट्रैफिक डायवर्जन भी किया गया है।
संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा
स्वतंत्रता दिवस से पहले राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। संवेदनशील स्थानों, प्रमुख मार्गों और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
15 अगस्त को प्रधानमंत्री लाल किले की प्राचीर से राष्ट्र को संबोधित करेंगे। ऐसे में समारोह से पहले सुरक्षा एजेंसियां किसी भी तरह की चूक नहीं चाहतीं और पूरे दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष नजर रखी जा रही है।




