CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में फिर बदलेगा मौसम, अगले 3 दिन सक्रिय रहेगा मानसून,कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मानसून सक्रिय होने जा रहा है। नए मौसम तंत्र के प्रभाव से अगले तीन दिनों तक प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ के अधिकांश इलाकों में अगले 48 घंटे के दौरान बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ तेज हवाएं और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है।
इन इलाकों में हुई अच्छी बारिश
गुरुवार को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक तापमान दुर्ग में 32.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं रायपुर के तापमान में करीब 2 डिग्री की गिरावट दर्ज हुई।
बारिश के आंकड़ों की बात करें तो केल्हारी, कुटरू, सुकमा और वाड्रफनगर में 5-5 सेमी बारिश हुई। बलरामपुर, समरी और दंतेवाड़ा में 3-3 सेमी, जबकि कुसमी, जगरगुंडा, रघुनाथ नगर, कटेकल्याण, बीजापुर, गीदम और तोंगपाल में 2-2 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
रायपुर में आज बारिश के आसार
राजधानी रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में शुक्रवार को बारिश की संभावना है। सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं। मौसम में ठंडक महसूस की जा रही है। रायपुर में आज अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में तेज हवाओं के साथ बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
कई जिलों में यलो अलर्ट
वहीं सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम और मुंगेली समेत कई जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है।
इन इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने, बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।
अगले 3 दिन संभलकर रहने की सलाह
मौसम विभाग के मुताबिक नए सिस्टम के प्रभाव से अगले तीन दिनों तक मानसून सक्रिय रह सकता है। ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले इलाकों, पेड़-पौधों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है।





