Chamoli Tunnel Accident: उत्तराखंड की निर्माणाधीन सुरंग में बड़ा हादसा, 7 शव बरामद; 3 अब भी लापता

गोपेश्वर। उत्तराखंड के चमोली जिले में निर्माणाधीन तपोवन विष्णुगाड़ जल विद्युत परियोजना की टीआरटी टनल में गुरुवार को मलबा और पानी भरने के बाद बड़ा हादसा हो गया। शुक्रवार सुबह से सुरंग में फंसे श्रमिकों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है।
7 लोगों के शव बरामद, 3 अभी भी लापता
हादसे के बाद अब तक सात लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि सुरंग के अंदर तीन लोगों के अब भी लापता होने की जानकारी है। राहत और बचाव दल लगातार टनल के भीतर पहुंचने और लापता लोगों को तलाशने में जुटा हुआ है।
डीएम खुद मौके पर मौजूद
चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार स्वयं घटनास्थल पर मौजूद हैं और पूरे रेस्क्यू अभियान की निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन और बचाव दल की टीमें सुरंग में फंसे लोगों तक पहुंचने के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं।
1.8 किलोमीटर हिस्से में आया मलबा और पानी
जानकारी के मुताबिक, टीएचडीसी की विष्णुगाड़-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना के तहत बनाई जा रही टीआरटी टनल की लंबाई करीब 3 किलोमीटर है। सुरंग के लगभग 1.8 किलोमीटर हिस्से में भूधंसाव के कारण मलबा और पानी भर गया, जिससे वहां काम कर रहे श्रमिकों के फंसने की स्थिति बनी।
पहले 28 लोगों के फंसे होने की थी सूचना
हादसे के बाद शुरुआती जानकारी में टनल के अंदर कुल 28 लोगों के फंसे होने की सूचना सामने आई थी। अब सात शव बरामद होने और तीन लोगों के लापता होने की जानकारी के बाद रेस्क्यू एजेंसियां सुरंग के अंदर बाकी संभावित स्थानों की भी जांच कर रही हैं।फिलहाल राहत और बचाव अभियान जारी है और प्रशासन की प्राथमिकता टनल में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना है।





