हरेली पर एसएस वूमेन क्लब और नारी शक्ति संवाद का शुभारंभ, कुलपति बोले- राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की भूमिका अहम

रायपुर। कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय, रायपुर के एस एस वूमेन क्लब और नारी शक्ति संवाद का शुभारंभ प्रो. डॉ. मनोज दयाल कुलपति ने किया। हरेली त्योहार के अवसर पर आयोजित समारोह के मुख्य अतिथि प्रो. दयाल ने शिक्षकों, स्टाफ एवं छात्र छात्राओं को राष्ट्र निर्माण की दिशा दिखाई।
अपने उद्बोधन में कुलपति प्रो दयाल ने कहा कि हमें विश्वविद्यालय को केवल एक देश नहीं, बल्कि एक राष्ट्र के रूप में विकसित करना है। राष्ट्र बनता है संस्कार, कर्तव्य एवं एकता से।
उन्होंने महिलाओं का आह्वान किया कि वे अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का निर्वहन भी करें। नारी शक्ति ही समाज की धुरी है। आप सामाजिक समरसता की संवाहक बनें, कुटुंब प्रबोधन का कार्य करें , स्वदेशी जीवन शैली को अपनाएं तथा संस्थान की स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण में भी अपना योगदान दें।
विश्वविद्यालय परिवार की प्रथम महिला श्रीमती लीली दयाल, काठाडीह की सरपंच श्रीमती त्रिवेणी साहू एवं श्रीमती हेमलता ध्रुव की गरिमामय उपस्थिति रही। काठाडीह की सरपंच श्रीमती त्रिवेणी साहू ने कहा कि छत्तीसगढ़ की महिलाओं को अवसर मिलने पर वो आत्मनिर्भर हो रही हैं, जिससे देश और प्रदेश का विकास संभव है। हेमलता ध्रुव ने स्वरोजगार के माध्यम से महिला सशक्तिकरण को अपने अनुभवों से समझाया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के महिला क्लब, नारी शक्ति संवाद के लोगो का अनावरण भी किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में महिला क्लब की सदस्यों और अतिथियों के द्वारा वृक्षारोपण भी किया गया।





