CM विष्णुदेव साय का बड़ा ऐलान—‘नक्सलवाद से मुक्त छत्तीसगढ़ अब शांति, विकास और समृद्धि की नई यात्रा पर’

० स्वतंत्रता दिवस पर रायपुर में CM का बड़ा संबोधन, ‘मेरी बेटी-मेरा अभिमान’ अभियान की घोषणा; 6,671 सरकारी स्कूलों में बेटियों के लिए बनेंगे शौचालय
रायपुर। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में ध्वजारोहण किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए विकसित छत्तीसगढ़ के रोडमैप को सामने रखा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद से मुक्त छत्तीसगढ़ अब शांति, विकास और समृद्धि की नई यात्रा पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में विकसित छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
‘बस्तर के नवनिर्माण का स्वर्णिम समय’
मुख्यमंत्री ने कहा कि माओवाद से प्रभावित रहे बस्तर में अब शांति, विश्वास और विकास की नई सुबह हुई है। बस्तर के नवनिर्माण का यह स्वर्णिम समय है। उन्होंने कहा कि सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और संचार जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के साथ सरकार अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर काम कर रही है।
उन्होंने बताया कि ‘नियद नेल्ला नार 2.0’ और ‘बस्तर मुन्ने अभियान’ के जरिए योजनाओं और सामुदायिक सुविधाओं का लाभ बड़ी संख्या में लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।
किसानों के लिए बड़ा फोकस
मुख्यमंत्री ने किसानों को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि धान की खरीदी 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है। फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने के लिए दलहन, तिलहन, मक्का, कोदो, कुटकी और रागी जैसी फसलों पर भी सहायता देने का निर्णय लिया गया है।
सिंचाई विस्तार के लिए 11 हजार करोड़ रुपये से अधिक की मंजूरी और सिकासार-कोडार नहर लिंकिंग परियोजना के लिए 3,047 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति का भी मुख्यमंत्री ने उल्लेख किया।
महिलाओं और बेटियों के लिए बड़ा ऐलान
मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर ‘मेरी बेटी-मेरा अभिमान’ अभियान शुरू करने की घोषणा की। इसके तहत प्रदेश के 6,671 शासकीय विद्यालयों में बेटियों के लिए शौचालय बनाए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त किया जा रहा है और प्रदेश में बड़ी संख्या में महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।

युवाओं के लिए रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं पर जोर
CM साय ने कहा कि युवाओं के लिए रोजगार, शिक्षा, कौशल, खेल और नवाचार के नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता के लिए सुधार किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि पुलिस में 7 हजार युवाओं की भर्ती की गई है, जबकि शिक्षक एवं सहायक शिक्षक के 3,946 पदों और बिजली कंपनियों में 1,235 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए ‘सीजी असिस्टेंस फॉर कॉम्पिटिटिव एक्जाम’ योजना शुरू करने की भी घोषणा की गई।
AI मिशन से बदलेगी अर्थव्यवस्था
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में 500 करोड़ रुपये के छत्तीसगढ़ राज्य AI मिशन को मंजूरी दी गई है। इसके तहत 100 AI डेटा लैब, 5 सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और 50 से अधिक AI आधारित सेवाएं विकसित की जाएंगी।
छह लाख विद्यार्थियों और डेढ़ लाख सरकारी कर्मचारियों को AI का प्रशिक्षण देने का लक्ष्य भी रखा गया है।
निवेश से रोजगार के नए अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में निवेश को बढ़ावा देने के प्रयासों से अब तक 8.23 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इससे करीब 1.74 लाख रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना है।
नवा रायपुर में गारमेंट इकाई, नए औद्योगिक क्षेत्र, स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क और देश के पहले AI SEZ जैसे प्रोजेक्ट्स का भी उन्होंने उल्लेख किया।

‘हर परिवार को पक्का घर’ का दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में अब तक 24.50 लाख आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं और प्रतिदिन औसतन 1,600 घर बनाए जा रहे हैं। वहीं, 73 लाख परिवारों को निःशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराने की जानकारी भी उन्होंने दी।
पर्यटन और संस्कृति को वैश्विक पहचान देने की तैयारी
मुख्यमंत्री ने चित्रकोट को ग्लोबल टूरिस्ट डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने और वहां टेंट सिटी बनाने की बात कही। सिरपुर को विश्व धरोहर स्थल के मानकों के अनुरूप विकसित करने का भी लक्ष्य रखा गया है।
छत्तीसगढ़ी सिनेमा के विकास के लिए ‘चित्रोत्पला फिल्म सिटी’ और लोककला के संरक्षण के लिए ‘डॉ. तीजन बाई लोककला अलंकरण’ शुरू करने की घोषणा भी की गई।
‘विकसित छत्तीसगढ़ से विकसित भारत’ का संकल्प
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने संबोधन के अंत में कहा कि विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ सामूहिक लक्ष्य है। उन्होंने प्रदेशवासियों से एकजुट होकर राज्य और देश के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ की भावना के साथ विकसित छत्तीसगढ़ के जरिए विकसित भारत के संकल्प को साकार किया जाएगा।





