#प्रदेश

CG Weather Update: रविवार को घूमने का प्लान है तो संभलकर: प्रदेश के 28 जिलों में बारिश-वज्रपात का अलर्ट

Advertisement Carousel

0 रायपुर समेत कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं के आसार, अगले 4 दिन भी बरसेंगे बदरा

रायपुर। 15 अगस्त की छुट्टी के बाद रविवार को अगर आप घूमने का प्लान बना रहे हैं तो मौसम का मिजाज जरूर देख लें। मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में बारिश, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली की संभावना जताई है। प्रदेश में अगले चार दिनों तक अधिकांश स्थानों पर बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।

पिछले 24 घंटों में प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में बारिश हुई। सरगुजा संभाग के कुछ जिलों में भारी बारिश दर्ज की गई। मौसमी वर्षा फिलहाल सामान्य से करीब 8 फीसदी कम है।

रायपुर में भी बारिश के आसार

राजधानी रायपुर में सुबह से ही बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने रविवार को गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

इन जिलों में यलो अलर्ट

बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में बारिश के साथ तेज हवा और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। इन इलाकों में अगले तीन घंटे के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।

कोटाडोल में 13 सेमी बारिश

पिछले 24 घंटों में कोटाडोल में सबसे ज्यादा 13 सेमी बारिश दर्ज की गई। शंकरगढ़ और पौड़ी उपरोरा में 11 सेमी, जबकि सन्ना, दौरा कोचली और रघुनाथ नगर में 8 सेमी बारिश हुई।

बलरामपुर, वाड्राफनगर, चलगली और सामरी में 6 सेमी, जबकि रतनपुर, कुनकुरी, बेलतरा, पचपेड़ी, भैसमा, कोरबा, बेलगहना, मनोरा, सकरी और मस्तूरी में 5 सेमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।

दुर्ग रहा सबसे गर्म, पेंड्रा सबसे ठंडा

शनिवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान दुर्ग में 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा में 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों के पास जाने से बचने की सलाह दी है।