#प्रदेश

वाराणसी एयरपोर्ट पर चेकिंग के दौरान लाइसेंसी पिस्टल से चली गोली, 2 सुरक्षा कर्मी घायल

Advertisement Carousel

० ट्रैवल बैग में भूलवश रह गई थी पिस्टल, कारतूस की गिनती के दौरान हुआ फायर; दोनों की हालत सामान्य

वाराणसी। बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर रविवार सुबह सुरक्षा जांच के दौरान लाइसेंसी पिस्टल से अचानक गोली चल गई। फायरिंग में एयरपोर्ट पर सुरक्षा सहायक के पद पर तैनात दो कर्मी घायल हो गए। दोनों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत सामान्य बताई है।

बैग की चेकिंग के दौरान हुआ फायर

जानकारी के अनुसार, आजमगढ़ निवासी कमलेश राय अपनी पत्नी के साथ मुंबई जाने के लिए एयरपोर्ट पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि उनकी लाइसेंसी पिस्टल गलती से ट्रैवलिंग बैग में रह गई थी। चेकिंग के दौरान बैग में पिस्टल मिलने के बाद हथियार और कारतूस की जांच की जा रही थी।इसी दौरान अचानक पिस्टल से एक राउंड फायर हो गया, जिससे एयरपोर्ट परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई।

दो सुरक्षा कर्मियों को लगी गोली

फायरिंग में बिहार के गया जिले की रहने वाली सुमन कुमारी घायल हुईं। गोली उनके दोनों पैरों की जांघ में लगी। वहीं नालंदा जिले के रहने वाले रोहित राज के बाएं हाथ के अंगूठे में गोली लगी। दोनों एयरपोर्ट पर सुरक्षा सहायक के रूप में तैनात हैं।

घटना के तुरंत बाद एयरपोर्ट प्रशासन ने दोनों घायलों को एंबुलेंस से हरहुआ स्थित न्यू लक्ष्मी हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।

पुलिस ने शुरू की जांच

फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी और टीम एयरपोर्ट पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ एयरपोर्ट सुरक्षा अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यात्री की लाइसेंसी पिस्टल भूलवश ट्रैवलिंग बैग में रह गई थी। अब पुलिस और एयरपोर्ट सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि सुरक्षा जांच के दौरान हथियार से फायर किन परिस्थितियों में हुआ और सुरक्षा प्रक्रिया में किसी स्तर पर चूक हुई या नहीं।फिलहाल एयरपोर्ट पर स्थिति सामान्य है और मामले की जांच जारी है।