#प्रदेश

छत्तीसगढ़ के कॉलेजों में दाखिले की तारीख बढ़ी, अब 31 अगस्त तक मिलेगा प्रवेश

Advertisement Carousel

० छात्रहित में सरकार का बड़ा फैसला, खाली सीटों पर शासकीय और निजी कॉलेजों में ले सकेंगे एडमिशन

रायपुर। छत्तीसगढ़ के कॉलेजों में दाखिले से वंचित रह गए विद्यार्थियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। उच्च शिक्षा विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कॉलेजों में प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाकर 31 अगस्त 2026 कर दी है। यह सुविधा उन शासकीय और निजी महाविद्यालयों में लागू होगी, जहां अभी भी सीटें रिक्त हैं।उच्च शिक्षा विभाग ने इस संबंध में विधिवत आदेश जारी कर दिया है।

मंत्री टंक राम वर्मा ने बताया छात्रहित में फैसला

उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि सरकार का मूल ध्येय प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक शिक्षा का प्रकाश पहुंचाना है। दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों के कई मेधावी विद्यार्थी व्यावहारिक कठिनाइयों के कारण समय पर प्रवेश नहीं ले सके।

उन्होंने कहा कि सरकार नहीं चाहती कि सिर्फ प्रवेश की तारीख निकल जाने के कारण किसी योग्य विद्यार्थी का एक साल खराब हो या वह उच्च शिक्षा से वंचित रह जाए। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रवेश की तारीख बढ़ाकर 31 अगस्त की गई है।

पहले 31 जुलाई और 14 अगस्त थी अंतिम तारीख

इससे पहले उच्च शिक्षा विभाग ने प्राचार्य स्तर पर प्रवेश की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की थी। इसके बाद कुलपति की अनुमति से 14 अगस्त तक प्रवेश की अनुमति दी गई थी।

लेकिन निर्धारित समय सीमा के बाद भी कई महाविद्यालयों में सीटें खाली रह गईं। वहीं दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले कई विद्यार्थी समय पर आवेदन नहीं कर पाए। इसी को देखते हुए सरकार ने प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाने का निर्णय लिया है।

विद्यार्थियों से अवसर का लाभ उठाने की अपील

मंत्री टंक राम वर्मा ने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे इस अतिरिक्त समय का पूरा लाभ उठाएं और रिक्त सीटों वाले महाविद्यालयों में निर्धारित प्रक्रिया के तहत 31 अगस्त तक प्रवेश सुनिश्चित करें।