दिल्ली में दर्दनाक हादसा: ई-रिक्शा की बैटरी में धमाके के बाद घर में लगी आग, दो की मौत

नई दिल्ली। रघुबीर नगर के आर ब्लॉक में सोमवार तड़के ई-रिक्शा की बैटरी फटने से एक मकान में आग लग गई। आग की चपेट में आने से दो लोग गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान 17 वर्षीय सुफैद और 38 वर्षीय मोहम्मद सामिद के रूप में हुई है।
सुबह 4:42 बजे मिली आग की सूचना
दमकल विभाग के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 4:42 बजे रघुबीर नगर स्थित एक मकान में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही दमकल की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
जांच में पता चला कि चार मंजिला इमारत की पहली मंजिल पर ई-रिक्शा की बैटरी में अचानक धमाका हुआ था। इसके बाद आसपास रखे घरेलू सामान ने आग पकड़ ली और देखते ही देखते आग फैल गई।
दो लोग गंभीर रूप से झुलसे, अस्पताल में मौत
आग लगने के दौरान दोनों लोग इसकी चपेट में आकर झुलस गए। दमकल कर्मियों ने उन्हें बाहर निकालकर उपचार के लिए रघुबीर नगर स्थित गुरु गोविंद सिंह अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
करीब 40 मिनट में आग पर पाया काबू
दमकल कर्मियों ने करीब 5:25 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने से इमारत के अन्य हिस्सों में आग फैलने से रोक लिया गया।
पुलिस जांच में जुटी
हादसे के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी। शुरुआती तौर पर ई-रिक्शा की बैटरी फटने को आग लगने की वजह बताया जा रहा है। हालांकि, बैटरी में धमाका किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है।




