#प्रदेश

कांवड़ यात्रा के दौरान गंगा में बड़ा हादसा, एक ही गांव के चार युवक डूबे; NDRF और गोताखोरों का सर्च ऑपरेशन जारी

Advertisement Carousel

 

फर्रुखाबाद। शहर के पांचाल घाट पर सोमवार तड़के कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ा हादसा हो गया। गंगा स्नान करने पहुंचे एक ही गांव के चार युवक गहरे पानी में जाने के बाद डूब गए। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस, स्थानीय गोताखोर और NDRF की टीम चारों की तलाश में जुटी हुई है। तेज बहाव के कारण दोपहर तक उनका कोई सुराग नहीं मिल सका था।

स्नान के दौरान गहरे पानी में चले गए चारों

शाहजहांपुर जिले के नयागांव खुदागंज निवासी योगेश (17), विकास (25), कमल (23) और अर्जुन (17) रविवार देर रात करीब दस लोगों के साथ पांच बाइकों से कांवड़ लेकर पांचाल घाट पहुंचे थे।

सोमवार सुबह करीब 4:30 बजे सभी उत्तरी बंधा के पास गंगा स्नान के लिए पहुंचे। कुछ साथी बाइकों के पास रुक गए, जबकि बाकी लोग नदी में स्नान करने लगे। इसी दौरान योगेश समेत चारों युवक धीरे-धीरे गहरे पानी की ओर चले गए।मौके पर मौजूद साथियों और पुलिसकर्मियों ने उन्हें गहरे पानी में जाने से रोकने की कोशिश की, लेकिन वे आगे बढ़ गए।

देखते ही देखते चारों डूबे

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ ही देर बाद चारों युवक पानी में गोते खाने लगे। उन्हें डूबता देखकर घाट पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया। मदद के लिए लोग आगे आते, इससे पहले ही चारों गंगा में लापता हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक आरती सिंह मौके पर पहुंचीं। स्थानीय गोताखोरों के साथ NDRF की टीम को भी तलाश अभियान में लगाया गया। परिजनों के पांचाल घाट पहुंचने के बाद वहां मातम का माहौल है।

योगेश हाईस्कूल का छात्र, विकास कर रहा था ITI

लापता योगेश की उम्र महज 17 वर्ष थी और वह हाईस्कूल का छात्र था। चार भाई-बहनों में वह दूसरे नंबर पर था।विकास छह भाइयों में सबसे छोटा था। इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी करने के बाद वह ITI कर रहा था। वहीं कमल तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसके बड़े भाई गुड्डू और अवनीश हैं।परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि देवेश, विकास और अर्जुन पानी बताशे का ठेला भी लगाते थे।

गहरे पानी में जाने से श्रद्धालुओं को किया जाता है मना

सीओ सिटी अभय वर्मा ने बताया कि गंगा में डूबे चारों युवकों की तलाश की जा रही है। पुलिस और बचाव दल लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।

प्रशासन की ओर से गंगा स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं से लगातार अपील की जाती है कि वे गहरे पानी में न जाएं और सुरक्षा व्यवस्था का पालन करें। इसके बावजूद चारों युवक गहरे पानी में चले गए, जिसके बाद यह हादसा हुआ।