CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में भारी बारिश का दौर जारी, 28 जिलों में अलर्ट; कोरबा में 17 सेमी बारिश, रायपुर में भी बरसेंगे बादल

रायपुर। बंगाल की खाड़ी में बने अवदाब के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर लगातार जारी है। कई इलाकों में नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है। सोमवार को कोरबा में 17 सेमी बारिश दर्ज की गई। राजधानी रायपुर में भी अधिकतम तापमान में करीब 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। मौसम विभाग ने मंगलवार को प्रदेश के कई जिलों में बारिश, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली को लेकर अलर्ट जारी किया है।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में मंगलवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं और हल्की फुहारें पड़ रही हैं। मौसम विभाग ने शहर और आसपास के क्षेत्रों में बारिश की संभावना जताई है। आज अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। बारिश के कारण राजधानीवासियों को गर्मी से राहत बनी रहेगी।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मंगलवार सुबह 7 बजे से अगले तीन घंटों के लिए कई जिलों में तेज बारिश, आकाशीय बिजली और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इन जिलों में यलो अलर्ट
बारिश को लेकर सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, बालोद, राजनांदगांव, रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली समेत कई जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है।
बंगाल की खाड़ी का सिस्टम बढ़ा रहा बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे पश्चिम बंगाल-उत्तर ओडिशा तट पर बना अवदाब उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। अगले 24 घंटों में इसके उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ते हुए पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार के रास्ते आगे बढ़ने की संभावना है। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ में भी बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।
कोरबा में 17 सेमी बारिश
पिछले 24 घंटों में प्रदेश में सबसे ज्यादा 17 सेमी बारिश कोरबा में दर्ज की गई। कोटाडोल और बिहारपुर में 10-10 सेमी, अजगरबहार में 9 सेमी और डौंडीलोहारा में 7 सेमी बारिश हुई।
इसके अलावा ओडगी, रायपुर शहर, रायपुर, छाल और कापू में 6-6 सेमी, जबकि लाल बहादुर नगर, अंबागढ़ चौकी, लखनपुर, छुरा और दर्री में 5-5 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई। प्रदेश के कई अन्य हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश दर्ज हुई है।





