CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में 7 दिन बारिश का दौर जारी रहने के आसार, 9 जिलों में यलो अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सावन के अंतिम दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। शुक्रवार को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर अगले 7 दिनों तक मध्यम से भारी बारिश होने के आसार हैं। हालांकि, प्रदेश में अब तक मौसमी बारिश सामान्य से 7 प्रतिशत कम दर्ज की गई है।
पिछले 24 घंटे में जगदलपुर में अधिकतम 31.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
सक्रिय मौसम प्रणालियों से बारिश के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक, इस समय उत्तर-पूर्वी मध्यप्रदेश और उसके आसपास निम्नदाब का क्षेत्र बना हुआ है। इसके अलावा मानसून द्रोणिका अमृतसर, मुजफ्फरनगर, कानपुर, निम्नदाब क्षेत्र के केंद्र, डाल्टनगंज और दीघा होते हुए दक्षिण-पूर्व दिशा में उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक सक्रिय है।
वहीं, उत्तरी ओडिशा और आसपास के क्षेत्र में ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण मौजूद है। इन मौसमी प्रणालियों के चलते प्रदेश में मानसून सक्रिय है और बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
रायपुर में बदला मौसम का मिजाज
राजधानी रायपुर में शनिवार सुबह से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। आसमान में काले बादल छाए हैं और कई इलाकों में बूंदाबांदी हो रही है। मौसम विभाग ने 22 अगस्त को रायपुर में सामान्यतः बादल छाए रहने और एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई है।
इन इलाकों में हुई बारिश
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, राजपुर और बिहारपुर में 4-4 सेमी, डोंगरगढ़ में 3 सेमी, जबकि जनकपुर-भरतपुर और दुर्ग में 2-2 सेमी बारिश दर्ज की गई।
इसके अलावा रेंगाखार कला, सारागांव, राजनांदगांव, साल्हेवारा, प्रेमनगर, पिपरिया, कोटाडोल, भैरमगढ़, गीदम, खरोरा, पसान, चांपा, केल्हारी, मोहला और घुमका में 1-1 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
9 जिलों में यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने शनिवार को सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी और गरियाबंद में बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।




