#प्रदेश

Accident Breaking : बेतिया में ऑर्केस्ट्रा देख रहे लोगों को बस ने कुचला, 5 की मौत, गंभीर रूप से घायल

Advertisement Carousel

 

बेतिया। पश्चिम चंपारण जिले में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा बेतिया-लौरिया मुख्य मार्ग NH-727 पर बसवरिया और पराउटोला के बीच रात करीब 11 बजे हुआ।

जानकारी के अनुसार, गोरखपुर से बेतिया की ओर जा रही तेज रफ्तार शाही बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे छठिहार समारोह में आयोजित ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम देख रहे लोगों की भीड़ में जा घुसी। अचानक बस के भीड़ में घुसने से मौके पर चीख-पुकार मच गई।

समारोह के बाहर सड़क किनारे जुटी थी भीड़

बताया गया कि धर्मेंद्र दुबे के घर शुक्रवार को छठिहार समारोह का आयोजन था। घर के बाहर NH-727 के किनारे ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम रखा गया था, जिसे देखने के लिए आसपास के लोग बड़ी संख्या में सड़क किनारे जुटे थे।

इसी दौरान लौरिया की ओर से बेतिया जा रही शाही बस तेज रफ्तार में वहां पहुंची और चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। बस सड़क किनारे खड़े लोगों को कुचलते हुए आगे निकल गई।

सामने से आ रहा था गैस सिलेंडर लदा ट्रक

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के वक्त दूसरी दिशा से गैस सिलेंडर लदा ट्रक भी आ रहा था। इसी दौरान बस अनियंत्रित हुई और भीड़ में जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान तीन और घायलों ने दम तोड़ दिया। इस तरह मृतकों की संख्या बढ़कर पांच हो गई।

इन पांच लोगों की मौत

हादसे में मृतकों की पहचान संजय महतो, भोला दुबे, बहादुर महतो, देवेंद्र दुबे और छांगुर राम के रूप में हुई है। पांच लोगों की मौत की खबर से उनके परिवारों में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।वहीं, पांच अन्य घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह?

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।

हादसे के बाद NH-727 पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।