CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में फिर बदला मौसम, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट; रायपुर में भी बरसेंगे बदरा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में काले बादल छाए हुए हैं और बारिश का दौर जारी है। बस्तर और सरगुजा संभाग में कुछ स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगस्त के अंत तक प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। फिलहाल उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र छत्तीसगढ़ के मौसम को प्रभावित कर रहा है।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में 24 अगस्त को आसमान सामान्यतः बादलों से ढका रहेगा। कुछ दौर में बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। शहर में अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
एक्टिव सिस्टम से बढ़ी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और आसपास के क्षेत्र में निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण करीब 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला है। इसके अगले 24 घंटे में उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए उत्तर ओडिशा और उससे लगे गंगीय पश्चिम बंगाल की ओर जाने की संभावना है।
वहीं, इस सिस्टम से जुड़ी द्रोणिका झारखंड और उत्तरी छत्तीसगढ़ होते हुए पूर्वी उत्तर प्रदेश तक फैली हुई है। इसके प्रभाव से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।
24 अगस्त को भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने 24 अगस्त को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है। वहीं एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है।
कोटाडोल में 11 सेमी बारिश
प्रदेश में सबसे ज्यादा बारिश एमसीबी जिले के कोटाडोल में 11 सेमी दर्ज की गई। इसके अलावा रामचंद्रपुर, तोकापाल और करपावंड में 8-8 सेमी, छुरा और नांगार में 7 सेमी तथा सुकमा, लोरमी, जगदलपुर, केशकाल और बस्तर में 6-6 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले तीन घंटों के लिए सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर और कोरिया में आकाशीय बिजली, 30-40 किमी प्रति घंटे की तेज हवा के साथ मध्यम बारिश की संभावना जताई है। इन क्षेत्रों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इन जिलों में यलो अलर्ट
वहीं सुकमा, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में हल्की बारिश की संभावना के चलते यलो अलर्ट जारी किया गया है।




