ED Raid: फर्जी ITC मामले में ED का बड़ा एक्शन, मुजफ्फरनगर-गाजियाबाद-फरीदाबाद के 9 ठिकानों पर छापेमारी

मुजफ्फरनगर। फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) हासिल करने और उसे आगे पास करने के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने सोमवार तड़के बड़ी कार्रवाई शुरू की है। ED के अधिकारियों के मुताबिक, PMLA, 2002 के तहत मुजफ्फरनगर, गाजियाबाद और फरीदाबाद में कुल 9 ठिकानों पर तलाशी ली जा रही है।
ED के लखनऊ जोनल कार्यालय की टीम ने जम्बूद्वीप एक्सपोर्ट्स एंड इंपोर्ट्स लिमिटेड से जुड़े मामले में यह कार्रवाई की है। जांच एजेंसी के अनुसार, संबंधित इकाई पर बिना वास्तविक माल की आवाजाही के फर्जी चालान और ई-वे बिल तैयार कर फर्जी ITC बनाने और उसे आगे पास करने का आरोप है।
तलाशी के दौरान ED की टीम दस्तावेजों, लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों की जांच कर रही है। बरामद सामग्री के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
9.63 करोड़ का फर्जी ITC, 10.28 करोड़ आगे पास करने का आरोप
जांच में कई फर्जी और कागजी कंपनियों के जरिए बड़े पैमाने पर सर्कुलर ट्रांजेक्शन, फंड की लेयरिंग और नकदी निकासी का खुलासा होने की बात सामने आई है।
अधिकारियों के मुताबिक, GST अधिकारियों की जांच में करीब 9.63 करोड़ रुपये का ITC कथित तौर पर गलत तरीके से हासिल करने और करीब 10.28 करोड़ रुपये का ITC आगे पास करने की बात सामने आई है।
फर्जी कंपनियों के नेटवर्क और मनी ट्रेल की जांच
जांच एजेंसियों का कहना है कि इस कथित फर्जीवाड़े से सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचा। ED अब फर्जी कंपनियों के नेटवर्क, उनके बीच हुए लेनदेन और रकम के प्रवाह की कड़ियों को खंगाल रही है।एजेंसी के अनुसार, अवैध तरीके से हासिल की गई रकम PMLA के तहत ‘अपराध से हुई कमाई’ (Proceeds of Crime) के दायरे में आती है।




