छत्तीसगढ़ के राजेश दवे पर BCCI का भरोसा, महिला टी20 एशिया कप में संभालेंगे टीम इंडिया की कमान

रायपुर। छत्तीसगढ़ के क्रिकेट जगत के लिए गौरव की खबर है। छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के पूर्व सचिव और रणजी खिलाड़ी राजेश दवे को भारतीय महिला क्रिकेट टीम का मैनेजर नियुक्त किया गया है। आगामी महिला टी20 एशिया कप 2026 में वह टीम के साथ यह जिम्मेदारी निभाएंगे।
राजेश दवे इससे पहले भी भारतीय महिला टीम के साथ काम कर चुके हैं। 2019 में ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान वह टीम मैनेजर की भूमिका में थे। क्रिकेट प्रशासन और टीम प्रबंधन के उनके अनुभव को देखते हुए BCCI ने एक बार फिर उन्हें यह जिम्मेदारी दी है।
28 अगस्त से शुरू होगा टूर्नामेंट
महिला टी20 एशिया कप 2026 का आयोजन 28 अगस्त से 13 सितंबर तक दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होगा। भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 30 अगस्त को थाईलैंड के खिलाफ करेगी।
इसके बाद टीम इंडिया 3 सितंबर को हांगकांग और 5 सितंबर को पाकिस्तान से भिड़ेगी। सेमीफाइनल मुकाबले 10 और 11 सितंबर को, जबकि खिताबी मुकाबला 13 सितंबर को खेला जाएगा।
छत्तीसगढ़ के क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह
राजेश दवे की नियुक्ति से छत्तीसगढ़ के क्रिकेट जगत में खुशी का माहौल है। CSCS के पदाधिकारियों ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। राष्ट्रीय स्तर पर भारतीय महिला टीम के साथ जिम्मेदारी मिलना प्रदेश के लिए भी एक अहम उपलब्धि मानी जा रही है।






