कृति सेनन के राखी ऐड पर विवाद, विरोध के बाद कंपनी ने सभी प्लेटफॉर्म से हटाया विज्ञापन

नई दिल्ली। बॉलीवुड एक्ट्रेस कृति सेनन इन दिनों अपनी फिल्मों से ज्यादा एक रक्षाबंधन स्पेशल विज्ञापन को लेकर सुर्खियों में हैं। विज्ञापन में कृति के पहनावे को लेकर सोशल मीडिया पर विवाद खड़ा हुआ और कई लोगों ने इसकी आलोचना की। विवाद बढ़ने के बाद अब संबंधित ज्वैलरी कंपनी ने यह विज्ञापन सभी प्लेटफॉर्म से हटा दिया है।
रक्षाबंधन के मौके पर जारी किए गए इस विज्ञापन में कृति सेनन सफेद रंग की ब्रालेट पहने नजर आई थीं। विज्ञापन में वह अपने भाई और एक पालतू डॉग को राखी बांधती दिखाई दीं। इसी को लेकर सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने आपत्ति जताई और विज्ञापन की आलोचना शुरू कर दी।
मामला बढ़ने के बाद अभिनेत्री कंगना रनौत समेत कुछ अन्य हस्तियों ने भी विज्ञापन पर नाराजगी जताई। इसके बाद कंपनी ने बुधवार, 26 अगस्त को विज्ञापन को YouTube समेत अन्य प्लेटफॉर्म से हटा दिया।
कंपनी ने जारी की सफाई
समाचार एजेंसी ANI के मुताबिक, कंपनी ने विज्ञापन हटाने के बाद कहा कि भारतीय संस्कृति, परंपराओं और त्योहारों के प्रति उसके मन में पूरा सम्मान है। कंपनी के अनुसार, विज्ञापन के जरिए वह त्योहार की खुशियों में पालतू जानवरों के प्रति प्यार को भी शामिल करना चाहती थी।
कंपनी ने कहा कि यदि विज्ञापन से समाज के किसी वर्ग की भावनाएं अनजाने में आहत हुई हैं, तो उसका ऐसा कोई इरादा नहीं था। सम्मान के तौर पर विज्ञापन को सभी मीडिया प्लेटफॉर्म से वापस ले लिया गया है।
कृति सेनन ने ट्रोलिंग पर दिया था जवाब
विज्ञापन को लेकर हुई ट्रोलिंग के बीच कृति सेनन ने भी अपना पक्ष रखा था। अभिनेत्री ने कहा था कि महिलाओं को यह तय करने के लिए नहीं कहा जाना चाहिए कि उन्हें क्या पहनना चाहिए और क्या नहीं। उन्होंने यह भी कहा कि किसी त्योहार, परंपरा या रीति-रिवाज का कपड़ों से कोई संबंध नहीं होता।इस पूरे विवाद के बीच अब कंपनी द्वारा विज्ञापन हटाए जाने के बाद सोशल मीडिया पर इस मामले को लेकर चर्चा और तेज हो गई है।




