#प्रदेश

उत्तराखंड में H1N1 का बढ़ता खतरा: 49 मरीज मिले, 5 की मौत; देहरादून में सबसे ज्यादा मामले

Advertisement Carousel

 

देहरादून। उत्तराखंड में स्वाइन फ्लू यानी इंफ्लुएंजा H1N1 के बढ़ते मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। प्रदेश में संक्रमित मरीजों की संख्या 31 से बढ़कर 49 हो गई है। वहीं संक्रमण से जूझ रहे 5 मरीजों की मौत दर्ज की गई है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, मृतकों में पहले से दूसरी बीमारियां भी थीं।

 

एक अगस्त से अब तक प्रदेश में 49 लोगों में H1N1 संक्रमण की पुष्टि हुई है। इनमें 34 मरीज अकेले देहरादून के हैं। संक्रमण वाले क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग ने स्क्रीनिंग बढ़ा दी है। सभी जिलों में रैपिड रिस्पॉन्स टीमें माइक्रो लेवल पर निगरानी कर रही हैं।

इन टीमों में फिजिशियन और विशेषज्ञ समेत चार स्वास्थ्यकर्मी शामिल हैं, जो प्रभावित इलाकों में पहुंचकर लोगों की स्क्रीनिंग कर रहे हैं।

मरीजों की 10-15 दिन की ट्रैवल हिस्ट्री खंगाली जा रही

स्वास्थ्य विभाग संक्रमित मरीजों की पिछले 10 से 15 दिनों की ट्रैवल हिस्ट्री की भी जानकारी जुटा रहा है। इसके साथ ही मरीज के संपर्क में आए लोगों की पहचान कर उनकी भी H1N1 जांच की जा रही है, ताकि संक्रमण की चेन को रोका जा सके।

पहले से बीमार मरीजों पर विशेष निगरानी

स्वास्थ्य विभाग ने को-मॉर्बिड मरीजों पर खास नजर रखने के निर्देश दिए हैं। इनमें शुगर, ब्लड प्रेशर, सांस और हृदय संबंधी बीमारियों से जूझ रहे मरीज शामिल हैं। अधिकारियों के मुताबिक, ऐसे लोगों की रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर होने के कारण H1N1 संक्रमण उनके लिए ज्यादा गंभीर हो सकता है।अब तक जिन पांच संक्रमित मरीजों की मौत हुई है, वे भी को-मॉर्बिड स्थिति में थे।

बुखार और सांस लेने में दिक्कत को न करें नजरअंदाज

विशेषज्ञों के मुताबिक, अचानक तेज बुखार, ठंड लगना, खांसी, नाक बहना, मांसपेशियों में दर्द, अत्यधिक थकान, उल्टी या सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेनी चाहिए। संक्रमित व्यक्ति और उसके संपर्क में आए लोगों को आइसोलेट करने से संक्रमण के प्रसार को रोकने में मदद मिल सकती है।स्वास्थ्य विभाग ने H1N1 से निपटने के लिए अस्पतालों को एडवाइजरी जारी की है और सभी स्तरों पर निगरानी बढ़ाई गई है।