Close

Chandrayaan-3 जहां उतरा उसे दिया ‘शिव शक्ति’ का नाम, जहां पड़े पदचिह्न वो जगह अब कहलाएगी ‘तिरंगा प्वाइंट’

नेशनल न्यूज़। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने चंद्रयान-3 मिशन की सफलता पर भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) की सराहना करते हुए शनिवार को कहा कि विज्ञान और भविष्य में विश्वास करने वाले दुनियाभर के लोगों में भारत की इस उपलब्धि को लेकर उत्साह है। यूनान से सीधे बेंगलुरु पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वह देश लौटने पर इसरो के वैज्ञानिकों को धन्यवाद देने के लिए सबसे पहले इस शहर में आने से स्वयं को रोक नहीं पाए।

मोदी ने यहां स्थित ‘ISRO टेलीमेट्री ट्रैकिंग एंड कमांड नेटवर्क’ (ISTRAC) रवाना होने से पहले एचएएल (Hindustan Aeronautics Limited) हवाई अड्डे के बाहर एक सभा को संबोधित किया।
जहां लैंडर उतरा उस पॉइंट को शिवशक्ति और जहां पदचिह्न छोड़े उसे ‘तिरंगा पॉइंट’ के नाम से जाना जाएगा

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी चंद्रयान-3 मिशन की सफलता के बाद भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के वैज्ञानिकों से मिलने के लिए यूनान की राजधानी एथेंस से शनिवार को सीधे बेंगलुरु पहुंचे। उन्होंने घोषणा की कि चंद्रयान-3 लैंडर चंद्रमा की सतह पर जिस स्थान पर उतरा है, उसका नाम ‘शिव-शक्ति पॉइंट’ रखा जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी ने चंद्रयान-3 मिशन की सफलता को भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम के इतिहास का ‘‘असाधारण क्षण” करार दिया और कहा कि चंद्रमा की सतह पर जिस स्थान पर चंद्रयान-2 ने 2019 में अपने पदचिह्न छोड़े थे, उसे ‘तिरंगा पॉइंट’ के नाम से जाना जाएगा।

पीएम ने कहा, ये चांद के रहस्यों को खोलेगा। मैं इस सफलता के लिए मिशन की पूरी टीम को बधाई देता हूं। चंद्रमा के जिस हिस्से पर चांद उतरा है, भारत ने उसका नामकरण का फैसला लिया है. जहां लैंडर उतरा है, उस पॉइंट को शिवशक्ति के नाम से जाना जाएगा.

scroll to top