रायपुर में धार्मिक स्थल पर तोड़फोड़, प्रतिमाएं क्षतिग्रस्त मिलने के बाद इलाके में तनाव

रायपुर। राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी स्थित थोक मार्केट पड़ाव इलाके में गुरुवार सुबह एक धार्मिक स्थल में तोड़फोड़ की घटना सामने आने के बाद तनाव की स्थिति बन गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए इलाके में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया गया।
साईं बाबा, हनुमान और शिव की प्रतिमाएं क्षतिग्रस्त
बताया जा रहा है कि धार्मिक स्थल परिसर में स्थापित साईं बाबा, भगवान हनुमान और भगवान शिव की प्रतिमाएं क्षतिग्रस्त मिलीं। सुबह घटना की जानकारी सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया।
सूचना मिलते ही बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी।

पुलिस ने संभाला मोर्चा, जांच शुरू
घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और आसपास के इलाके की जांच शुरू की। प्रतिमाएं किन परिस्थितियों में क्षतिग्रस्त हुईं और इसके पीछे किसका हाथ है, इसका पता लगाने के लिए पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर सकती है। फिलहाल घटना के कारणों और इसमें शामिल लोगों की पहचान को लेकर जांच जारी है।
इलाके में भारी पुलिस बल तैनात
घटना के बाद किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए धार्मिक स्थल और आसपास के इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रही है और पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी जा रही है।





