#प्रदेश

CG Weather Alert: छत्तीसगढ़ में फिर तेज होगी बारिश, कई जिलों में अलर्ट; रायपुर में भी बरसेंगे बादल

Advertisement Carousel

 

रायपुर। सावन बीतने के बाद भी छत्तीसगढ़ में मानसून की सक्रियता बनी हुई है। बंगाल की खाड़ी में बन रहे नए मौसम तंत्र के असर से प्रदेश में एक बार फिर बारिश की गतिविधियां बढ़ने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार 29 अगस्त से बारिश का दायरा और तीव्रता दोनों बढ़ सकती हैं। मध्य और उत्तरी छत्तीसगढ़ में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है।

प्रदेश में अब तक हुई मौसमी बारिश सामान्य से करीब 3 प्रतिशत कम है। ऐसे में अगले कुछ दिनों में होने वाली बारिश से इस कमी के कुछ हद तक पूरा होने की उम्मीद है।

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी रायपुर में शनिवार को दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। कुछ इलाकों में बारिश के साथ गरज-चमक और बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विभाग ने रायपुर का अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया है।

इन जिलों में बारिश की संभावना

मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के कई जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई है। इनमें कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर शामिल हैं।

इन इलाकों में हुई झमाझम बारिश

पिछले 24 घंटे के दौरान कुसमी में सबसे ज्यादा 7 सेमी बारिश दर्ज की गई। रामानुजगंज और भैसमा में 6-6 सेमी, जबकि कुनकुरी, वाड्रफनगर, कोरबा और करतला में 5-5 सेमी बारिश हुई।

इसके अलावा बलरामपुर, राजपुर, कांसाबेल, प्रतापपुर और पोड़ी में 4-4 सेमी बारिश दर्ज की गई। प्रदेश में अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में और न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस पेण्ड्रा रोड में दर्ज किया गया।

बंगाल की खाड़ी का सिस्टम बढ़ाएगा बारिश की रफ्तार

मौसम विभाग के मुताबिक, 29 अगस्त के आसपास उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी और उससे लगे पश्चिम बंगाल-उत्तर ओडिशा तट पर निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ में मानसूनी गतिविधियां और तेज हो सकती हैं।

अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, एक-दो स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और वज्रपात की स्थिति बनने की भी संभावना है।

CG Weather Alert: छत्तीसगढ़ में फिर तेज होगी बारिश, कई जिलों में अलर्ट; रायपुर में भी बरसेंगे बादल

Aaj Ka Panchang 29 August 2026: जानिए