बलरामपुर में भीषण सड़क हादसा: मजदूरों से भरी बस और बोलेरो में टक्कर, एक की मौत; कई घायल

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर में बनारस रोड पर देर रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। मजदूरों को लेकर उत्तर प्रदेश से हैदराबाद जा रही बस और एक बोलेरो की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। भिड़ंत इतनी तेज थी कि बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दोनों वाहनों में सवार कई लोगों के घायल होने की सूचना है।
दुद्धी से हैदराबाद जा रही थी मजदूरों से भरी बस
जानकारी के मुताबिक बस उत्तर प्रदेश के दुद्धी से मजदूरों को लेकर तेलंगाना के हैदराबाद जा रही थी। वाड्रफनगर के पुराने नर्सरी के पास पहुंचते ही बस की बोलेरो से टक्कर हो गई।
हादसे में उत्तर प्रदेश के मोहली निवासी करीब 50 वर्षीय सहदेव पिता थुरच की मौत हो गई। बोलेरो में सवार कई लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। वहीं बस में सवार मजदूर भी हादसे में घायल हुए हैं।
टक्कर के बाद मची अफरा-तफरी
देर रात हुए हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। टक्कर के कारण बोलेरो के आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। फिलहाल घायलों का इलाज जारी है।
हादसे की वजह तलाश रही पुलिस
पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। हादसा किस वजह से हुआ, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस मौके की स्थिति, वाहनों की क्षति और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।





