Delhi Play School Case: साढ़े तीन साल के मासूम से मारपीट और यौन दुर्व्यवहार का आरोप, जांच के लिए बनी समिति

नई दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के मौजपुर स्थित एक प्ले स्कूल में साढ़े तीन साल के बच्चे के साथ कथित मारपीट और यौन दुर्व्यवहार का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया है। आरोप है कि स्कूल के शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों ने बच्चे को कुर्सी से बांधकर पीटा। मामले की गंभीरता को देखते हुए शिक्षा निदेशालय ने जांच समिति गठित की है।
दो दिन में रिपोर्ट देने का निर्देश
शिक्षा विभाग ने गठित समिति को दो दिनों के भीतर जांच रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है। समिति की अध्यक्षता अतिरिक्त शिक्षा निदेशक करेंगे। जांच बाल संरक्षण से जुड़े नियमों और निर्धारित कानूनी प्रावधानों के तहत की जाएगी।
बच्चे के माता-पिता की शिकायत के आधार पर जाफराबाद थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने स्कूल से सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्य जुटाए हैं।
1500 रुपये देकर मिली CCTV की ऑनलाइन एक्सेस
परिवार का आरोप है कि स्कूल प्रशासन ने शुरुआत में सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराने से इनकार कर दिया था। बाद में 25 अगस्त को कथित तौर पर 1500 रुपये लेकर माता-पिता को कैमरों की ऑनलाइन एक्सेस दी गई।
इसके बाद बच्चे की मां ने 16, 17 और 18 अगस्त की पुरानी रिकॉर्डिंग देखी। परिवार के अनुसार, फुटेज में बच्चे के साथ कथित दुर्व्यवहार की जानकारी सामने आई। इसके बाद स्कूल के निदेशक, प्रिंसिपल, शिक्षकों और आया के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, जेजे एक्ट और बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कराया गया।
स्कूल जाने से डरने लगा था बच्चा
बच्चे के पिता के मुताबिक, स्कूल में दाखिले के बाद से उनके बेटे के व्यवहार में बदलाव आने लगा था। वह डरने लगा था, घर पर बातचीत कम कर दी थी और रात में रोते हुए उठ जाता था। परिवार ने उसके कान में दर्द और स्कूल व टॉयलेट जाने से डरने की बात भी बताई।
18 अगस्त को बच्चे को ईएनटी विशेषज्ञ के पास ले जाया गया। परिवार के अनुसार, जांच के दौरान दोनों कान के पर्दों में सूजन पाई गई। डॉक्टर ने चोट या पिटाई की आशंका जताई।
कुर्सी से बांधकर पीटने का आरोप
परिवार की शिकायत में आरोप लगाया गया है कि बच्चे को कुर्सी से बांधकर पीटा गया। इसके अलावा कान पकड़कर घसीटने और लात मारकर कुर्सी से गिराने जैसे आरोप भी लगाए गए हैं। यौन दुर्व्यवहार के आरोप भी मामले का हिस्सा हैं।
CCTV और मेडिकल रिपोर्ट की जांच
पुलिस ने स्कूल पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लिया है। बच्चे का जीटीबी अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराने के साथ काउंसिलिंग भी कराई गई। पुलिस अब सीसीटीवी रिकॉर्डिंग, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपों की जांच कर रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारी जांच की निगरानी कर रहे हैं। परिवार ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।





