CG ACB Action: 80 हजार के एरियर के बदले मांगी 10 हजार की रिश्वत, प्राचार्य और लिपिक रंगे हाथ गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने शिक्षा विभाग में रिश्वतखोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय किरारी की प्राचार्य अंजुलता सोनी और लिपिक विकास मसीह को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए ACB की टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
80 हजार के एरियर के लिए मांगी थी रिश्वत
मामला उसी स्कूल के बाबू मनीष राठौर से जुड़ा है। जानकारी के मुताबिक, मनीष राठौर का वेतन वृद्धि से संबंधित करीब 80 हजार रुपये का एरियर निकालने के एवज में प्राचार्य और लिपिक ने कथित तौर पर 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।
रिश्वत की मांग से परेशान होकर मनीष राठौर ने ACB में शिकायत की। शिकायत का सत्यापन करने के बाद टीम ने दोनों आरोपियों को पकड़ने के लिए ट्रैप की योजना बनाई।
पैसे लेते ही ACB ने दबोचा
योजना के तहत ACB की टीम ने कार्रवाई की। जैसे ही प्राचार्य अंजुलता सोनी और लिपिक विकास मसीह ने 10 हजार रुपये की रिश्वत की रकम ली, टीम ने दोनों को रंगे हाथ पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान ACB की 13 अधिकारियों की विशेष टीम मौके पर मौजूद रही। गिरफ्तारी के बाद आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।
शिक्षा विभाग में मचा हड़कंप
ACB की कार्रवाई की खबर सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। फिलहाल मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।बताया गया है कि ACB बिलासपुर की यह लगातार 56वीं ट्रैप कार्रवाई है। एजेंसी अब रिश्वतखोरी से जुड़े पूरे मामले की जांच कर रही है।




