#प्रदेश

CG Weather Today: जन्माष्टमी पर छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर रहेगा जारी, रायपुर में गरज-चमक के साथ बौछार के आसार; 4 सितंबर से मानसून पड़ेगा धीमा

Advertisement Carousel

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून अभी सक्रिय बना हुआ है। लगातार हो रही बारिश से कई जिलों में जलभराव की स्थिति है, वहीं नदी-नालों का जलस्तर भी बढ़ा हुआ है। हालांकि मौसम विभाग के मुताबिक 4 सितंबर से प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। इसके बावजूद अगले दो दिनों तक कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और वज्रपात की स्थिति बन सकती है।प्रदेश में अब तक मौसमी सब-डिविजन के स्तर पर बारिश सामान्य से करीब 2 प्रतिशत कम रही है।

जन्माष्टमी पर रायपुर में कैसा रहेगा मौसम?

4 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के दिन रायपुर में आसमान सामान्यतः बादलों से घिरा रहेगा। राजधानी में एक-दो दौर बारिश या गरज-चमक के साथ बौछार पड़ने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार रायपुर में अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। प्रदेश के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात की भी संभावना जताई गई है।

कई इलाकों में भारी बारिश, पोंडी बचरा में 14 सेमी

बीते 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। सरगुजा और रायपुर संभाग में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश भी दर्ज की गई।सबसे अधिक 14 सेमी बारिश पोंडी बचरा में रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा कुसमी में 8 सेमी, दावरा कोचली में 6 सेमी तथा राजपुर, बिलासपुर, सूरजपुर और रामचंद्रपुर में 5-5 सेमी बारिश हुई।

जनकपुर-भरतपुर, रामानुजगंज, बिहारपुर और प्रेमनगर में 4-4 सेमी बारिश दर्ज की गई। अंबिकापुर, कोटाडोल, प्रतापपुर, गिधौरी तुंदरा, दरिमा, बेलगहना, सोनहत, बिल्हा, पामगढ़, खड़गवां, मस्तूरी, लटोरी, उदयपुर और रघुनाथ नगर में 3-3 सेमी वर्षा हुई।

वहीं बोदरी, बसना, लवन, शंकरगढ़, पटना, सकरी, चलगली, कुकदुर, कसडोल, पिथौरा, पचपेड़ी, बोदला और लखनपुर में 2-2 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई। प्रदेश के अधिकांश अन्य हिस्सों में इससे कम वर्षा हुई।

निम्न दबाव क्षेत्र से बदला मौसम

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश और आसपास के क्षेत्र में बना सुस्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र अभी सक्रिय है। इसके साथ चक्रवाती परिसंचरण भी बना हुआ है। इसके अगले 24 घंटे में दक्षिण उत्तर प्रदेश और उससे लगे उत्तर मध्य प्रदेश की ओर से पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है।

इसके अलावा एक अन्य मौसम प्रणाली की अक्षीय रेखा श्री गंगानगर, रोहतक, फतेहगढ़, उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों से होते हुए डाल्टनगंज और दीघा तक जा रही है तथा वहां से पूर्व-दक्षिण-पूर्व दिशा में उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है।

जगदलपुर सबसे गर्म, पेंड्रा रोड सबसे ठंडा

बीते 24 घंटे में जगदलपुर में अधिकतम तापमान 27.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के दौरान बारिश और गरज-चमक की स्थिति को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खासकर वज्रपात के दौरान खुले मैदान और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की अपील की गई है।