#प्रदेश

CG Weather Today: रायपुर में 6 डिग्री उछला तापमान, आज फिर बारिश के आसार; जानें आपके शहर में कैसा रहेगा मौसम

Advertisement Carousel

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून अभी सक्रिय है और प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। पिछले 24 घंटे में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। इस बीच राजधानी रायपुर के तापमान में एक ही दिन में करीब 6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई और अधिकतम तापमान 31 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम विभाग ने 5 सितंबर को रायपुर समेत कई इलाकों में बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारों की संभावना जताई है।

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के मुताबिक, 5 सितंबर को राजधानी रायपुर में आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है। इस दौरान एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

राजिम में सबसे ज्यादा 6 सेमी बारिश

पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के अनेक हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। शुक्रवार को राजिम में सबसे ज्यादा 6 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

इसके अलावा गोबरा नवापारा और कुरूद में 5-5 सेमी, जबकि भखारा, अभनपुर, मगरलोड, रायपुर शहर, पाटन और लाभांडीह में 4-4 सेमी बारिश हुई।दरिमा में 3 सेमी तथा धमतरी, माना रायपुर एयरपोर्ट, राजपुर, मंदिर हसौद, आरंग और छुरा में 2-2 सेमी बारिश दर्ज की गई।

राजनांदगांव सबसे गर्म, पेंड्रा रोड सबसे ठंडा

प्रदेश में शुक्रवार को राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सबसे अधिक रहा। वहीं पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।मौसमी सब-डिविजन के स्तर पर बारिश सामान्य के आसपास रही, हालांकि वर्षा में प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।

दो दिन तक स्थिर रह सकता है मौसम सिस्टम

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरी मध्य प्रदेश के मध्य हिस्सों और उससे सटे दक्षिणी उत्तर प्रदेश के ऊपर बना सुस्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र अभी उसी क्षेत्र में बना हुआ है। इसके साथ चक्रवाती परिसंचरण भी सक्रिय है।

मौसम प्रणाली के अगले दो दिनों तक लगभग स्थिर रहने की संभावना है। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रह सकता है।