#प्रदेश #राष्ट्रीय

Amritsar Airport: एयरपोर्ट के पास दिखे संदिग्ध ड्रोन, मचा हड़कंप, 7 उड़ानें डायवर्ट, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

Advertisement Carousel

 

अमृतसर। श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के आसपास रविवार रात संदिग्ध ड्रोन दिखाई देने के बाद हड़कंप मच गया। रनवे के करीब ड्रोन की गतिविधि सामने आने पर अमृतसर आ रही सात उड़ानों को एहतियातन डायवर्ट कर दिया गया। घटना के बाद CISF, पंजाब पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने एयरपोर्ट परिसर और आसपास के इलाकों में निगरानी बढ़ा दी।

रात करीब 10 बजे दिखे ड्रोन

जानकारी के मुताबिक, रविवार रात करीब 10 बजे एयरपोर्ट के आसपास संदिग्ध ड्रोन उड़ते दिखाई दिए। बताया जा रहा है कि ड्रोन गांव रुढ़ाला की तरफ से एयरपोर्ट की ओर आते नजर आए और कुछ समय तक रनवे तथा आसपास के संवेदनशील इलाकों में मंडराते रहे।ड्रोन की सूचना मिलते ही एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने अलर्ट जारी किया और एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई।

दिल्ली और चंडीगढ़ भेजी गईं उड़ानें

संदिग्ध ड्रोन की गतिविधि के बाद अमृतसर पहुंचने वाली सात उड़ानों के रूट में बदलाव किया गया।

मलेशिया एयरलाइंस MH-118 — कुआलालंपुर से अमृतसर, दिल्ली डायवर्ट
इंडिगो 6E-1428 — शारजाह से अमृतसर, दिल्ली डायवर्ट
एयर इंडिया एक्सप्रेस IX-138 — शारजाह से अमृतसर, दिल्ली डायवर्ट
इंडिगो 6E-5028 — मुंबई से अमृतसर, चंडीगढ़ डायवर्ट
इंडिगो 6E-2045 — दिल्ली से अमृतसर, चंडीगढ़ डायवर्ट
एयर इंडिया AI-479 — दिल्ली से अमृतसर, वापस दिल्ली
एयर इंडिया AI-855 — दिल्ली से अमृतसर, वापस दिल्ली

एयरपोर्ट के आसपास सुरक्षा बढ़ाई गई

ड्रोन दिखाई देने की सूचना के बाद सुरक्षा एजेंसियां तत्काल सक्रिय हो गईं। CISF और पंजाब पुलिस के साथ अन्य एजेंसियों ने एयरपोर्ट परिसर तथा आसपास के क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी।

ड्रोन की गतिविधियों का पता लगाने के लिए सुरक्षा टीमों ने सर्च और निगरानी अभियान शुरू किया है।

कहां से आए ड्रोन, क्या था मकसद?

अमृतसर एयरपोर्ट सीमा क्षेत्र के नजदीक स्थित होने के कारण सुरक्षा के लिहाज से बेहद संवेदनशील माना जाता है। ऐसे में रनवे के आसपास संदिग्ध ड्रोन दिखाई देना सुरक्षा एजेंसियों के लिए गंभीर मामला है।

फिलहाल जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि ड्रोन कहां से आए, उन्हें कौन उड़ा रहा था और एयरपोर्ट के संवेदनशील क्षेत्र के आसपास उड़ाने के पीछे क्या मकसद था। जांच पूरी होने के बाद ही तस्वीर साफ हो सकेगी।