Telegram Down: दुनियाभर में ठप हुआ टेलीग्राम, भारत में 800+ शिकायतें; मैसेज भेजने से लेकर ऐप खोलने तक में दिक्कत

नई दिल्ली। लोकप्रिय मैसेजिंग प्लेटफॉर्म Telegram की सेवाएं मंगलवार सुबह अचानक प्रभावित हो गईं। भारत, अमेरिका और सिंगापुर समेत कई देशों में यूजर्स को ऐप एक्सेस करने, मैसेज भेजने और मैसेज रिसीव करने में परेशानी का सामना करना पड़ा। अचानक आई तकनीकी दिक्कत के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स ने शिकायतों की बाढ़ ला दी।
भारत में सुबह 8:13 बजे बढ़ीं शिकायतें
आउटेज पर नजर रखने वाली वेबसाइट Downdetector के आंकड़ों के मुताबिक, भारत में मंगलवार सुबह करीब 8:13 बजे Telegram को लेकर सबसे ज्यादा शिकायतें दर्ज की गईं।
इस दौरान 800 से ज्यादा यूजर्स ने ऐप के डाउन होने की रिपोर्ट की। कई यूजर्स ने बताया कि Telegram खुलने में काफी समय लग रहा था, जबकि कुछ लोगों के जरूरी मैसेज डिलीवर नहीं हो रहे थे।
सिंगापुर में 4 हजार से ज्यादा शिकायतें
Telegram की समस्या का असर दूसरे देशों में भी दिखाई दिया। अमेरिका में सोमवार रात करीब 11 बजे के आसपास यूजर्स ने ऐप इस्तेमाल करने में परेशानी की शिकायत की।
वहीं सिंगापुर में आउटेज का असर ज्यादा व्यापक रहा। स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 10:30 बजे के बाद Downdetector पर 4 हजार से अधिक शिकायतें दर्ज की गईं।
क्या सर्वर में आई बड़ी गड़बड़ी?
फिलहाल Telegram की ओर से आउटेज की वजह को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। अलग-अलग देशों में एक ही समय के आसपास सेवाओं के प्रभावित होने से बड़े नेटवर्क ग्लिच या सर्वर से जुड़ी तकनीकी समस्या की आशंका जताई जा रही है।
हालांकि, आधिकारिक पुष्टि के बिना आउटेज की वास्तविक वजह को लेकर अभी कुछ भी निश्चित तौर पर नहीं कहा जा सकता।
निजी और प्रोफेशनल काम प्रभावित
Telegram का इस्तेमाल दुनियाभर में निजी बातचीत के साथ-साथ ग्रुप कम्युनिकेशन और प्रोफेशनल कामों के लिए भी किया जाता है। ऐसे में अचानक सेवाएं प्रभावित होने से बड़ी संख्या में यूजर्स के संवाद पर असर पड़ा।
फिलहाल यूजर्स Telegram की सेवाएं सामान्य होने का इंतजार कर रहे हैं।




