CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में आज फिर बढ़ेगी बारिश की रफ्तार, 27 जिलों में येलो अलर्ट; आंधी के साथ बिजली गिरने की चेतावनी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। पिछले 24 घंटे में प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, लेकिन अब 10 सितंबर से बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान है। मौसम विभाग ने कई इलाकों में बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है।
मौसम विभाग के जिला स्तरीय नाउकास्ट के मुताबिक, प्रदेश के कई हिस्सों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने, हल्की आंधी और बारिश के साथ बिजली गिरने की संभावना है। यह नाउकास्ट 10 सितंबर की सुबह 7:15 बजे जारी किया गया है और सुबह 10:15 बजे तक प्रभावी रहेगा।
येलो अलर्ट वाले जिलों में सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर शामिल हैं।
आज प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, 10 सितंबर को प्रदेश के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं एक-दो जगहों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और वज्रपात की स्थिति बन सकती है।बारिश के साथ तेज हवा चलने की भी संभावना है। ऐसे में लोगों को खुले स्थानों पर सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
पिछले 24 घंटे में कहां हुई सबसे ज्यादा बारिश?
प्रदेश में बीते 24 घंटे के दौरान कई इलाकों में बारिश रिकॉर्ड की गई।
पाली, कोरबा — 4 सेमी
बेलगहना, बिलासपुर — 3 सेमी
हरदीबाजार, कोरबा — 2 सेमी
नेरहरपुर, कांकेर — 2 सेमी
सकरी, बिलासपुर — 1 सेमी
कोटा, बिलासपुर — 1 सेमी
घुमका, राजनांदगांव — 1 सेमी
जशपुरनगर, जशपुर — 1 सेमी
छिंदगढ़, सुकमा — 1 सेमी
प्रदेश में मौसमी बारिश फिलहाल सामान्य से 6 प्रतिशत कम रही है।
रायपुर में भी बारिश और अंधड़ के आसार
राजधानी रायपुर में 10 सितंबर को आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है। शहर में बारिश के साथ गरज-चमक और अंधड़ चलने की संभावना जताई गई है।
रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। इससे पहले शहर में अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
बंगाल की खाड़ी में बन रहा मौसम का सिस्टम
मौसम में बदलाव के पीछे बंगाल की खाड़ी में सक्रिय मौसमी सिस्टम को अहम माना जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरी बंगाल की खाड़ी और उससे लगे बांग्लादेश तट के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जो समुद्र तल से करीब 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला है।
इसके प्रभाव से 10 सितंबर को उत्तरी बंगाल की खाड़ी और आसपास के क्षेत्रों में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके अलावा मानसून द्रोणिका भी जम्मू से लेकर बंगाल की खाड़ी तक सक्रिय है।
अगले दिनों में भी जारी रह सकता है बारिश का दौर
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो दिनों के बाद भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। इस दौरान एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश के साथ गरज-चमक और वज्रपात की स्थिति बनने की आशंका है।ऐसे में अगले कुछ दिनों तक छत्तीसगढ़ में मानसून की गतिविधियां बढ़ी रहने की संभावना है।




