#प्रदेश

रनवे छूते ही फिर हवा में उड़ी इंडिगो की फ्लाइट, जयपुर एयरपोर्ट पर मचा हड़कंप; 20 मिनट बाद सुरक्षित लैंडिंग

Advertisement Carousel

 

जयपुर। जयपुर एयरपोर्ट पर गुरुवार दोपहर इंडिगो की एक फ्लाइट लैंडिंग के दौरान अचानक दोबारा हवा में उठ गई। उदयपुर से जयपुर पहुंची फ्लाइट 6E-7516 ने रनवे पर टचडाउन के तुरंत बाद गो-अराउंड किया। विमान के दोबारा उड़ान भरने के बाद एयरपोर्ट की सुरक्षा और ऑपरेशनल टीमें अलर्ट हो गईं।

टचडाउन के बाद पायलट ने लिया गो-अराउंड का फैसला

शेड्यूल के अनुसार फ्लाइट को दोपहर 12:50 बजे जयपुर पहुंचना था। गुरुवार को विमान करीब 12:42 बजे लैंडिंग के लिए अप्रोच हुआ और रनवे को छू भी लिया। हालांकि, लैंडिंग पूरी करने के बजाय पायलट ने प्रक्रिया को बीच में रोकते हुए विमान को फिर से हवा में ले जाने का फैसला किया।

विमान ने करीब 20 मिनट तक जयपुर के आसमान में अतिरिक्त चक्कर लगाया। इसके बाद दोबारा लैंडिंग के लिए अप्रोच किया गया और दोपहर 1:02 बजे फ्लाइट की सुरक्षित लैंडिंग करा दी गई।

एयरपोर्ट पर सुरक्षा टीमें रहीं अलर्ट

टचडाउन के बाद अचानक विमान के दोबारा उड़ान भरने से एयरपोर्ट पर कुछ समय के लिए सतर्कता बढ़ा दी गई। यात्रियों और क्रू की सुरक्षा को देखते हुए संबंधित टीमें अलर्ट मोड पर रहीं। अतिरिक्त चक्कर पूरा करने के बाद विमान के सुरक्षित उतरने पर स्थिति सामान्य हुई।

आखिर क्यों किया गया गो-अराउंड?

गो-अराउंड विमानन क्षेत्र की एक मानक सुरक्षा प्रक्रिया है। यदि पायलट को लैंडिंग के दौरान लगता है कि अप्रोच सुरक्षित या स्थिर नहीं है, तो वह विमान को रनवे पर उतारने के बजाय दोबारा हवा में ले जा सकता है और परिस्थितियां अनुकूल होने पर फिर से लैंडिंग कराता है।

प्रारंभिक तौर पर अनस्टेबल अप्रोच या किसी अन्य ऑपरेशनल वजह की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, इंडिगो की फ्लाइट को गो-अराउंड क्यों करना पड़ा, इसकी आधिकारिक वजह अभी सामने नहीं आई है।