#राष्ट्रीय

BRICS Summit 2026: दिल्ली पहुंचे रूस के राष्ट्रपति पुतिन, 17 हजार से ज्यादा जवान संभालेंगे सुरक्षा; नई दिल्ली जिला सील

Advertisement Carousel

० 12-13 सितंबर को होगा 18वां BRICS शिखर सम्मेलन, सुरक्षा के चलते 11 से 13 सितंबर तक नई दिल्ली में कड़े प्रतिबंध

नई दिल्ली। 18वें BRICS शिखर सम्मेलन से पहले राजधानी दिल्ली में हलचल तेज हो गई है। सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन दिल्ली पहुंच चुके हैं। एयरपोर्ट पर राज्य मंत्री और गोंडा सांसद केवी सिंह ने उनका स्वागत किया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए पुतिन के भारत आगमन का स्वागत किया।

विदेश मंत्रालय ने भारत-रूस संबंधों को बहुआयामी और दीर्घकालिक बताते हुए कहा कि दोनों देशों के रिश्ते विशेष एवं विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी पर आधारित हैं।

नई दिल्ली जिला 3 दिन रहेगा सील

BRICS सम्मेलन को देखते हुए 11 से 13 सितंबर तक नई दिल्ली जिले में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी रहेगी। इस अवधि में इलाके में केवल उन्हीं लोगों को प्रवेश की अनुमति होगी, जिनका वहां स्थायी आवास है या जिन्हें अधिकृत काम से प्रवेश करना जरूरी है।

17 हजार से ज्यादा जवानों की तैनाती

सम्मेलन की सुरक्षा के लिए 17 हजार से अधिक सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। प्रोटेक्टिव सिक्योरिटी डिवीजन के विशेष आयुक्त मनीष अग्रवाल के मुताबिक, सुरक्षा व्यवस्था में करीब 15 हजार पुलिसकर्मी और 2 हजार से अधिक अर्धसैनिक बल शामिल हैं।

चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा, हाई अलर्ट

विश्व के प्रमुख देशों के नेताओं की मौजूदगी को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट हैं। नई दिल्ली जिले में प्रवेश से लेकर प्रमुख मार्गों और आयोजन स्थलों तक सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सम्मेलन के दौरान वीवीआईपी मूवमेंट को देखते हुए कई इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त रहने की संभावना है।