#प्रदेश

CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में अगले 2 दिन बढ़ेगी बारिश की रफ्तार, कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट

Advertisement Carousel

० रायपुर में झमाझम बारिश से मिली गर्मी से राहत, दक्षिण-मध्य छत्तीसगढ़ में बढ़ेगा बारिश का दायरा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय होता नजर आ रहा है। पिछले 24 घंटे में प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। वहीं गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे के बाद रायपुर में अचानक तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई, जिससे उमस और गर्मी से लोगों को राहत मिली।

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो दिनों में दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। इस दौरान कई स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश हो सकती है। प्रदेश में गुरुवार को सबसे अधिक तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान भी दुर्ग में 21.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम

11 सितंबर को राजधानी रायपुर में आसमान सामान्यतः बादलों से ढका रहेगा। शहर में कुछ दौर की बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

इन इलाकों में हुई अच्छी बारिश

गुरुवार को पखांजूर में सबसे ज्यादा 5 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। सोनहत और मालखरौदा में 4-4 सेंटीमीटर, जबकि बिहारपुर और सूरजपुर में 3-3 सेंटीमीटर बारिश हुई।

इसके अलावा रघुनाथनगर, चांदो, बास्तानार, प्रेमनगर, बलरामपुर, बकावंड और दौरा कोचली में 2-2 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। राजधानी रायपुर में भी करीब 1 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई।

इन जिलों में बारिश और आकाशीय बिजली का अलर्ट

मौसम विभाग ने आज सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी और गरियाबंद में बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

प्रदेश में सामान्य से 6 प्रतिशत कम बारिश

मौसमी सब-डिविजनल वर्षा सामान्य रही है, हालांकि इसमें करीब 6 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। आने वाले दो दिनों में दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधि बढ़ने से इस कमी में बदलाव की संभावना है।