रायपुर में स्पा सेंटर पर पुलिस का बड़ा एक्शन, आपत्तिजनक सामग्री मिलने के बाद किया गया सील

रायपुर। राजधानी रायपुर के देवेंद्र नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने स्पा सेंटर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इशवा लग्जरी स्पा सेंटर में छापेमारी कर जांच की, जहां चेकिंग के दौरान आपत्तिजनक सामग्री मिलने के बाद सेंटर को सील कर दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में 10 सितंबर को स्पा सेंटर की जांच की गई थी। जांच और पूछताछ के दौरान पुलिस ने आरोप लगाया कि स्पा सेंटर के संचालक और मैनेजर द्वारा युवतियों से कथित तौर पर जबरन देह व्यापार कराया जा रहा था।
संचालक और मैनेजर के खिलाफ मामला दर्ज
मामले में पुलिस ने स्पा सेंटर संचालक हरविंदर सिंग ग्रोवर निवासी टिकरापारा और मैनेजर मुकेश कुमार वर्मा निवासी भिलाई-3 के खिलाफ देवेंद्र नगर थाने में अपराध क्रमांक 152/2026 दर्ज किया है।दोनों के खिलाफ अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम, 1956 (PITA Act) की धारा 4, 5 और 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस और नगर निगम की संयुक्त कार्रवाई
अनैतिक गतिविधियों के संचालन के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू की। इसी क्रम में 11 सितंबर को पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने इशवा लग्जरी स्पा सेंटर को सील कर दिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शहर में अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।





