#प्रदेश

CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में कमजोर पड़ा मानसून, धूप से बढ़ी गर्मी; आज इन इलाकों में बारिश-बिजली का अलर्ट

Advertisement Carousel

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की सक्रियता अब धीरे-धीरे कम होती नजर आ रही है। बस्तर समेत कुछ क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई, लेकिन रायपुर और आसपास के इलाकों में तेज धूप के कारण तापमान बढ़ा। बारिश की कमी के बीच उमस और गर्मी का असर महसूस किया जा रहा है। हालांकि वातावरण में नमी बनी हुई है, जिससे कुछ स्थानों पर अगले दो दिनों तक बारिश और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है।

आज कहां-कहां होगी बारिश?

मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश के कुछ हिस्सों में आज हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है। मौसम का यह मिजाज अगले दो दिनों तक बने रहने का अनुमान है।

बीते 24 घंटे में कैसा रहा मौसम?

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। माना में अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पेण्ड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री रहा।

रायपुर में दिन का तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस पहुंचा। बारिश नहीं होने और तेज धूप के कारण लोगों को गर्मी का एहसास हुआ।

बस्तर में भी घटेगा बारिश का असर

मौसम विभाग के अनुसार सक्रिय मौसम प्रणाली अब झारखंड की ओर बढ़ रही है। इसके चलते मंगलवार से बस्तर संभाग में भी बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। फिलहाल बंगाल की खाड़ी में कोई स्पष्ट रूप से सक्रिय सिस्टम मौजूद नहीं है।गणेश पर्व के दौरान भी प्रदेश में बारिश की गतिविधियां अपेक्षाकृत कम रहने का अनुमान है।

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी रायपुर में आज आसमान में बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

19 सितंबर से राजस्थान से मानसून की विदाई

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक वातावरण में नमी की मात्रा अब धीरे-धीरे कम होने लगेगी। इसका असर आने वाले दिनों में रात के तापमान और मौसम में महसूस हो सकता है।

राजस्थान में बारिश की गतिविधियां थमने के बाद 19 सितंबर के आसपास दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई शुरू होने की संभावना है। हालांकि छत्तीसगढ़ में मानसून के अभी कुछ समय और सक्रिय रहने की उम्मीद है। सामान्य तौर पर प्रदेश में मानसून की अवधि 30 सितंबर तक मानी जाती है और इसके बाद अक्टूबर के पहले पखवाड़े में मानसून की विदाई हो जाती है।

इन इलाकों में हुई बारिश

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार बड़े बचेली (दंतेवाड़ा) में सबसे ज्यादा 6 सेमी बारिश दर्ज की गई।

करतला (कोरबा), देवभोग (गरियाबंद), छाल (रायगढ़) और नया बाराद्वार (सक्ती) — 3-3 सेमी
कवर्धा (कबीरधाम) और कटेकल्याण (दंतेवाड़ा) — 2-2 सेमी
कशडोल (बलौदाबाजार), जगदलपुर (बस्तर), रायगढ़, सारागांव और पामगढ़ (जांजगीर), लालपुर थाना, मुंगेली, भैसमा (कोरबा), घरघोड़ा व खरसिया (रायगढ़), बकावंड (बस्तर) और बोड़ला (कबीरधाम) — 1-1 सेमी बारिश दर्ज की गई।