#प्रदेश

पुसौर में भाजपा के 8 पार्षदों ने खोला मोर्चा, सामूहिक इस्तीफे से मचा हड़कंप; जानिए क्या है नाराजगी की वजह

Advertisement Carousel

 

रायगढ़। पुसौर नगर पंचायत में भाजपा के भीतर स्थानीय स्तर पर नाराजगी का मामला सामने आया है। नगर पंचायत के आठ भाजपा पार्षदों ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने के लिए जिला भाजपा अध्यक्ष अरुणधर दीवान को सामूहिक आवेदन सौंपे हैं। एक साथ आठ पार्षदों के इस कदम के बाद स्थानीय राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।

विकास कार्यों को लेकर उठाए सवाल

पार्षदों ने अपने आवेदन में नगर पंचायत के प्रशासनिक कामकाज, शासकीय कर्मचारियों और अध्यक्ष की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि उनके वार्डों में पानी, बिजली, सड़क और नाली समेत जरूरी विकास कार्य नहीं हो रहे हैं। पार्षद निधि से जुड़े कार्यों में भी अपेक्षित प्रगति नहीं होने का आरोप लगाया गया है।

पार्षदों ने आवेदन में कहा है कि वार्डों की मूलभूत समस्याओं का समाधान नहीं होने से उन्हें जनता के बीच जवाबदेही का सामना करना पड़ रहा है। इसी स्थिति से नाराज होकर उन्होंने भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र देने का निर्णय लिया है।

इन 8 पार्षदों के नाम

सामूहिक त्यागपत्र देने वाले पार्षदों में वार्ड-6 से बलराम संवरा, वार्ड-14 से शौकीराम चौहान, वार्ड-11 से रूपेश कुमार साव, वार्ड-1 से प्रदीप यादव, वार्ड-2 से फागूलाल प्रधान, वार्ड-3 से मंजू पटेल, वार्ड-7 से वरुण महाणा और नगर पंचायत उपाध्यक्ष उमेश साव शामिल हैं।

जिलाध्यक्ष बोले- मुझे नहीं मिला इस्तीफा

वहीं, भाजपा जिला अध्यक्ष अरुणधर दीवान ने कहा है कि उन्हें अभी तक इन पार्षदों का इस्तीफा प्राप्त नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर इस्तीफे की जानकारी सामने आने के बाद पार्षदों को बातचीत के लिए बुलाया गया है। ऐसे में फिलहाल इस्तीफे स्वीकार होने की स्थिति स्पष्ट नहीं है।

पुसौर नगर पंचायत में एक साथ आठ भाजपा पार्षदों के इस्तीफे की पेशकश से संगठन के भीतर की स्थिति चर्चा में आ गई है। अब पार्षदों और पार्टी संगठन के बीच होने वाली बातचीत के बाद ही आगे की तस्वीर साफ होगी।