#प्रदेश

श्रमिकों के लिए CM साय की 3 बड़ी घोषणाएं, सुविधा केंद्र से लेकर ई-बाइक और ई-रिक्शा पर मिलेगा लाभ

Advertisement Carousel

 

रायपुर। विश्वकर्मा जयंती के मौके पर राजधानी रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय श्रमिक महासम्मेलन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने श्रमिकों के लिए कई अहम घोषणाएं कीं। बूढ़ापारा स्थित इंडोर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेशभर से श्रमिक शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने श्रमिकों की सुविधा, रोजगार और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए तीन बड़ी सौगातों का ऐलान किया।

शहर में बनेगा श्रमिक सुविधा केंद्र

मुख्यमंत्री ने रायपुर में श्रमिकों के लिए सर्वसुविधायुक्त सुविधा केंद्र शुरू करने की घोषणा की। इस केंद्र में काम की तलाश में शहर आने वाले श्रमिकों के लिए बैठने और जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था होगी।

CM साय ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों से रोजगार की तलाश में शहर आने वाले श्रमिकों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। सुविधा केंद्र के जरिए उनकी इन समस्याओं को कम करने का प्रयास किया जाएगा।

डिलीवरी वर्कर्स को ई-बाइक खरीदने में मिलेगी मदद

डिलीवरी का काम करने वाले श्रमिकों के लिए भी मुख्यमंत्री ने बड़ी घोषणा की। सरकार ई-बाइक खरीदने के लिए विशेष सहायता उपलब्ध कराएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि मौजूदा समय में बड़ी संख्या में युवा और श्रमिक डिलीवरी सेवाओं से जुड़े हैं। ई-बाइक से उन्हें काम करने में सुविधा मिलेगी और रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा मिलेगा।

ई-रिक्शा पर अनुदान हुआ दोगुना

असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए ई-रिक्शा खरीदने पर मिलने वाली प्रोत्साहन राशि को बढ़ाने का ऐलान किया गया। अब यह राशि 50 हजार रुपये से बढ़ाकर 1 लाख रुपये कर दी गई है। सरकार के मुताबिक, इससे श्रमिकों को अपना रोजगार शुरू करने में आर्थिक मदद मिलेगी।

‘श्रमिकों के परिश्रम से आगे बढ़ रहा देश’

महासम्मेलन को संबोधित करते हुए CM साय ने कहा कि देश के विकास में श्रमिकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। निर्माण, उद्योग से लेकर सेवा क्षेत्र तक श्रमिक अपने परिश्रम से विकास में योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता श्रमिकों को सम्मान, सुरक्षा और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली और समृद्धि की कामना की।

श्रमिकों के बच्चों की पढ़ाई पर भी फोकस

मुख्यमंत्री ने बताया कि श्रमिकों के प्रतिभाशाली बच्चों को शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता दी जा रही है। 10वीं और 12वीं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले श्रमिकों के बच्चों को प्रोत्साहन दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विदेश में उच्च शिक्षा हासिल करने वाले श्रमिकों के बच्चों की पढ़ाई में मदद की दिशा में भी सरकार तैयारी कर रही है।

CM साय के मुताबिक, प्रदेश में अब तक 1 लाख 45 हजार श्रमिकों को 26 योजनाओं के तहत लाभ दिया जा चुका है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ श्रमिकों तक पहुंचाने का प्रयास लगातार जारी है।

PM मोदी को बताया आधुनिक भारत का विश्वकर्मा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री साय ने उन्हें बधाई दी। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को ‘आधुनिक भारत का विश्वकर्मा’ बताते हुए कहा कि देश के निर्माण और विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने PF और UAN का जिक्र करते हुए कहा कि यूनिवर्सल UAN की व्यवस्था से श्रमिकों को लाभ मिला है। एक राज्य से दूसरे राज्य में काम के लिए जाने पर भी श्रमिक का UAN नंबर वही रहता है और PF से जुड़ी सुविधा जारी रहती है।

एक दीप जलाकर PM मोदी को बधाई देने की अपील

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर श्रमिकों से एक-एक दीप जलाकर उन्हें शुभकामनाएं देने की अपील की। महासम्मेलन में श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन समेत प्रदेश के कई मंत्री, वरिष्ठ नेता और अधिकारी मौजूद रहे।