Korba News: तालाब में नहाने गईं तीन सहेलियां गहरे पानी में डूबीं, तीनों की मौत; गांव में पसरा मातम

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक दर्दनाक हादसे ने तीन परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। तालाब में नहाने गईं तीन बच्चियां गहरे पानी में डूब गईं। हादसे में 7 वर्षीय इंदु, 8 वर्षीय राखी और 8 वर्षीय साधना की मौत हो गई। तीनों एक ही बस्ती की रहने वाली थीं और आपस में सहेलियां थीं।
घर से निकलीं, काफी देर तक नहीं लौटीं
बताया जा रहा है कि घटना के दिन तीनों बच्चियां स्कूल नहीं गई थीं और घर पर थीं। दोपहर के समय वे तालाब में नहाने के लिए चली गईं। उस वक्त उनके परिजन काम के सिलसिले में घर से बाहर थे।
काफी देर तक बच्चियों के वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। ग्रामीणों से जानकारी मिली कि तीनों को तालाब की ओर जाते देखा गया था।
किनारे मिले कपड़े और चप्पल, फिर दिखा शव
परिजन और ग्रामीण तालाब पहुंचे तो वहां बच्चियों के कपड़े और चप्पल पड़े मिले। इसी दौरान तालाब में इंदु का शव तैरता हुआ नजर आया। इसके बाद ग्रामीणों ने पानी में तलाश शुरू की और पुलिस को सूचना दी।
काफी मशक्कत के बाद तीनों शव बरामद
सूचना मिलते ही पाली थाना प्रभारी मनोज कौशिक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और ग्रामीणों ने तालाब में उतरकर खोजबीन शुरू की। काफी प्रयास के बाद राखी और साधना के शव भी बरामद कर लिए गए।तीनों शवों को बाहर निकालकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है।
तालाब पर उस समय कोई मौजूद नहीं था
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जिस समय तीनों बच्चियां तालाब में नहाने गईं, वहां कोई अन्य व्यक्ति मौजूद नहीं था। शुरुआती जांच में तीनों की मौत पानी में डूबने से होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, घटना के पूरे कारणों की जांच पुलिस कर रही है।
हादसे की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण तालाब के पास जुट गए। तीन बच्चियों की एक साथ मौत से बस्ती में मातम पसरा हुआ है।




