#प्रदेश

Takhatpur News: खेत की रखवाली करने गए किसान की करंट से मौत, इलेक्ट्रिक फेंसिंग को लेकर उठे गंभीर सवाल

Advertisement Carousel

 

तखतपुर। धान की फसल को आवारा मवेशियों से बचाने के लिए खेत की रखवाली करने गए किसान की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि खेत से लगे दूसरे खेत में मवेशियों को रोकने के लिए विद्युत तार लगाए गए थे। इसी तार के संपर्क में आने से ग्राम पेंड्री निवासी गंगाराम कोल की मौके पर ही जान चली गई। घटना के बाद खेतों में की जा रही इलेक्ट्रिक फेंसिंग और कथित अवैध विद्युत कनेक्शन को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

आवाज लगाने पर नहीं मिला जवाब, देखने पहुंचा साथी

जानकारी के मुताबिक गंगाराम कोल चनाडोंगरी में खेत की रखवाली कर रहा था। रात करीब 7 बजे वह पास के खेत में लगाए गए विद्युत तार की चपेट में आ गया। प्रत्यक्षदर्शी किसान महेंद्र कौशिक के अनुसार, दोनों अलग-अलग जगहों पर फसल की रखवाली कर रहे थे। काफी देर तक गंगाराम की ओर से कोई जवाब नहीं मिलने पर महेंद्र उसे देखने पहुंचा।

महेंद्र के मुताबिक घटनास्थल पर पहुंचते ही उसे भी करंट का झटका लगा। किसी तरह आगे बढ़ने पर उसने गंगाराम को जमीन पर अचेत पड़ा देखा। उसके पैरों में विद्युत तार लिपटा हुआ था। इसके बाद उसने अपने बड़े भाई को सूचना दी और फिर कोटवार के माध्यम से तखतपुर थाने को घटना की जानकारी दी गई।

रात में पहुंची पुलिस, सुबह शुरू हुई पंचनामा कार्रवाई

सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस टीम रात में घटनास्थल देखने के बाद लौट गई और शव रातभर खेत में पड़ा रहा। विद्युत प्रवाह को लेकर भी तत्काल कार्रवाई नहीं किए जाने की बात कही जा रही है। सुबह पुलिस दोबारा मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई शुरू की।

इलेक्ट्रिक फेंसिंग किसने लगाई, कनेक्शन कहां से आया?

हादसे के बाद सबसे बड़ा सवाल खेत में लगाए गए विद्युत तारों को लेकर है। यदि जांच में यह सामने आता है कि फेंसिंग में अवैध विद्युत कनेक्शन का इस्तेमाल किया गया था, तो यह भी जांच का विषय होगा कि कनेक्शन कहां से लिया गया और इसकी जानकारी संबंधित विभाग को क्यों नहीं हुई। फिलहाल इन सवालों का जवाब पुलिस और बिजली विभाग की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

तीन छोटे बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

गंगाराम कोल परिवार का मुख्य कमाने वाला बताया जा रहा है। उसके परिवार में पत्नी और तीन छोटे बच्चे हैं। हादसे के बाद घर में मातम पसरा हुआ है। परिवार के सामने अब रोजमर्रा की जरूरतों और बच्चों की परवरिश का भी संकट खड़ा हो गया है।

बड़े गुड्डू के खेत को लेकर भी जांच की मांग

मामले में बड़े गुड्डू उर्फ दिलहरन सूर्यवंशी के खेत में विद्युत फेंसिंग लगाए जाने और कथित अवैध कनेक्शन को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। हालांकि फेंसिंग किसने लगाई, बिजली कनेक्शन वैध था या नहीं और हादसे के लिए जिम्मेदारी किसकी है, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे ने खेतों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी और जानवरों को रोकने के लिए लगाए जाने वाले विद्युत तारों की निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।